आशा हुड्डा ने कहा कि यह कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है बल्कि लोगों की जिंदगी का सवाल है। जब तक शहरवासियों को पीने के लिए साफ नहीं मिलेगा, तब तक ये लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
रोहतक में गहराती पेयजल किल्लत व नलों में दूषित पेयजल की सप्लाई को लेकर सोमवार को इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। मानसरोवर पार्क में इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारी सड़क पर नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां उपायुक्त अजय कुमार के नाम ज्ञापन एसडीएम कुमार आशीष वशिष्ठ को सौंपा।
विज्ञापन
सोमवार को इंडिया गठबंधन के दल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व भारतीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआईएम) के कार्यकर्ता मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए। यहां कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
दोपहर को सड़क पर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता लघु सचिवालय के बाहर पहुंचे। यहां सुरक्षा की दृष्टि से तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। सभी ने दरवाजा खोलकर अंदर आने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें अंदर आने से मना कर दिया गया। इसके बाद उपायुक्त से मिलने की जिद कर रहे प्रदर्शनकारियों के पास एसडीएम आशीष कुमार पहुंचे।
उन्होंने उनकी समस्या सुनी व उचित समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद आशा हुड्डा ने उन्हें ज्ञापन सौंपा और और सभी लौट गए। इस मौके पर विधायक भारत भूषण बतरा, विधायक शकुंतला खटक, लवलीन टुटेजा, जगमति सांगवान समेत अनेक लोग मौजूद रहे।