भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रदेश मेनिफेस्टो समिति की सूची जारी की है। यह कमेटी इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जारी की गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की ओर से ये नियुक्तियां की गई हैं। इसमें ओमप्रकाश धनखड़ को समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 14 सदस्य नियुक्त किए हैं।
हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं। बहुमत के लिए 46 का आंकड़ा चाहिए। पिछली बार भाजपा 40 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके बाद भाजपा ने दस सीटें जीतने वाली जजपा के साथ मिलकर सरकार का गठन किया था। कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं। एक-एक सीट इनेलो और हलोपा के खाते में आई थी। सात सीटें निर्दलीयों ने जीती थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल की ओर से आयोग की टीम को बताया गया कि दो अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार राज्य में कुल 2.01 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें लगभग 1.06 करोड़ पुरुष और 95 लाख महिला मतदाता हैं। राज्य में 4.52 लाख से अधिक मतदाता (18-19 वर्ष) पहली बार मतदान करेंगे। 85 वर्ष से अधिक आयु के 2.55 लाख मतदाता और 1.5 लाख दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। 100 साल की आयु के 10 हजार से अधिक मतदाता हैं। अंतिम मतदाता सूची 27 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल के मुताबिक राज्य में कुल 20,629 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो 2019 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले 817 अधिक है। इनमें से 13,497 ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे, जबकि 7,132 शहरी मतदान केंद्र होंगे। प्रति मतदान केंद्र औसतन 977 मतदाता होंगे। इनमें से 125 मतदान केंद्र महिलाओं की ओर से संचालित किए जाएंगे और 116 मतदान केंद्रों का प्रबंधन युवा कर्मचारी करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर दिव्यांग को भी तैनात किया जाएगा। हाई राइज सोसाइटीज/कवर्ड कैंपस और झुग्गी बस्तियों में भी मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। विधानसभा चुनाव में पहली बार 85 साल से ऊपर मतदाता और 40 फीसदी विकलांगता वाले दिव्यांगों को घर से ही मतदान करने का विकल्प दिया जाएगा।