रोहतक। डिजिटल लेन-देन एप के नाम पर सांपला खंड के युवकों के साथ 65 लाख से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। सीएम विंडो पर शिकायत के बाद सांपला थाने में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिसमें सोनीपत के एसओपी व नारकोटिक्स सेल के कर्मचारी को भी नामजद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक हसनगढ़ निवासी हरीश ने दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2020 में सांपला निवासी शशि व उसके साले आशीष से संपर्क किया। दोनाें ने उसे सोनीपत निवासी विनय मिश्रा से मिलवाया। बताया कि विनय डिजिटल लेनदेन करता है। विनय का सोनीपत के एसओपी व नारकोटिक्स सेल के कर्मचारी के साथ संपर्क था। विनय मिश्रा ने कहा कि गूगल पे व फोन पे से कम खर्च में उसकी एप पैसे का लेनदेन करती है। इस कारोबार में निवेश से फायदा होगा। उसने अपनी पत्नी के नाम से अकाउंट खुलवाकर डिजिटल लेनदेन का काम शुरू कर दिया। साथ ही उसके संपर्क में आए राजकुमार सांपला, अनिल रोहद, कमल नोनंद, प्रमोद कुमार हसनगढ़, सुरेन्द्र रोहद, कंवरपाल सांपला व उससे षडयंत्र के तहत 65 से 70 लाख की ठगी कर ली गई है।