46: अस्पताल में उपचारधीश संदीप। परिजन
- फोटो : सांकेतिक
रोहतक। पॉजिट्रोन अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है। चावला चौक निवासी हेमलता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनके पति संदीप के दाएं कूल्हे में फ्रैक्चर था लेकिन डॉक्टर ने बाएं कूल्हे का ऑपरेशन कर दिया।
संदीप बिजली निगम में कार्यरत हैं। 11 जुलाई को खंभे से गिरकर घायल हुए थे। इस हादसे में उनका लीवर फटा और दाएं कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। प्रदीप यादव की देखरेख में संदीप का इलाज चल रहा था। उन्हें 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे ऑपरेशन के लिए ले जाया गया।
शाम 5 बजे जब संदीप को बाहर लाया गया, तो वह बेहोशी की हालत में थे। हेमलता ने बताया कि पट्टी हटाने पर गलत ऑपरेशन का पता चला। स्टाफ से संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जबकि एक्सरे रिपोर्ट से दाहिने हिस्से में चोट की पुष्टि हुई।
पीड़ित परिवार ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पॉजिट्रोन अस्पताल के संचालक जिले सिंह कुंडू ने इस मामले पर अभी कुछ भी कहने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल व्यस्त हैं।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि संदीप की पत्नी की शिकायत पर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।