जसिया के खेतों में लगी आग बुझाती दमकल टीम। विज्ञप्ति
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। जसिया के खेतों में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। इसमें करीब 8 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर समय रहते आग पर काबू पाया। ट्रैक्टरों व टंकियों से खेतों में पानी डाला। बचाव कार्य में देरी से दूसरे खेतों तक आग पहुंचने का खतरा था। ऐसे में बड़ा नुकसान हो सकता था। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। आग किस कारण लगी इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है।
रविवार दोपहर जसिया में बाईपास से लगते खेतों से धुआं उठता नजर आया। ग्रामीण वहां पहुंचे तो आग की तेज लपटें नजर आई। गेहूं की पकी फसल में लगी आग पर काबू पानी के लिए ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया।
ओमप्रकाश जसिया ने कहा कि आसपास के खेतों में गेहूं कटाई के काम में लगे किसानों ने आग देखते ही शोर मचा दिया। इसके चलते ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इस हादसे में अशोक, बलजीत व भोपला की करीब 8 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
उपायुक्त से की जाएगी मुआवजे की मांग
पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त ओमप्रकाश ने कहा कि आग से जली फसल के मुआवजे के लिए उपायुक्त से अपील की जाएगी। हादसे का शिकार छोटी जोत के किसान हैं। थोड़ी सी जमीन पर खेती कर किसी तरह अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं। फसल जलने से इनके परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।