फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

त्योहारी सीजन : बाजारों में व्यापारियों की हद तय नहीं, ग्राहकों के वाहन उठाने पर अब शौरी मार्केट में विवाद

विज्ञापन
किला रोड बाजार में व्यापारियों से बातचीत करते नगर निगम के अधिकारी। संवाद
विज्ञापन
त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। वहीं, दूसरी तरफ नगर निगम के ढुलमुल रवैये से विवाद खड़ा हो रहा है। किला रोड के बाद मंगलवार को शौरी मार्केट में ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा ग्राहक का दोपहिया वाहन उठाने पर हंगामा हो गया। व्यापारियों की मांग है कि बाजारों में पट्टी खींचकर दुकानों के बाहर सामान रखने की हद तय की जाए और बताया जाए ग्राहक अपने दोपहिया वाहन कहां खड़ा करें। दूसरी तरफ निगम प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए दो दिन का समय मांगा है। व्यापारियों के विरोध के चलते निगम की टीम किला रोड व शौरी मार्केट से मंगलवार को भी बैरंग लौट आई। वहीं, निगम के संयुक्त आयुक्त सुरेश कुमार ने कहा कि बाजारों में दो दिन में पट्टी खिंचवाकर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
विज्ञापन

सुबह करीब साढ़े 10 बजे पार्किंग ठेकेदार की टीम किला रोड बाजार में वाहनों को जब्त करने पहुंची। जैसे ही टीम पहुंची वैसे ही दुकानदारों ने विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख ठेकेदार की टीम बैरंग लौट गई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे भू-अधिकारी सुरेंद्र गोयल टीम के साथ अतिक्रमण हटाने और वाहनों को जब्त करने पहुंचे। टीम के पहुंचते ही दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। टीम ने दो वाहन कब्जे में लेकर जुर्माना लगाने का प्रयास किया मगर कामयाब नहीं हो सकी। दुकानदारों ने कहा कि जब तक उनके हितों का ख्याल नहीं रखा जाएगा तब तक कार्रवाई नहीं होने देंगे। किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान बिट्टू सचदेवा ने बताया कि भू-अधिकारी सुरेंद्र गोयल से हुई वार्ता में कहा गया है कि निगम सामान रखने के लिए पट्टी खींचकर सीमा रेखा तय करे। रेखा तय हो जाएगी तो उसकी अवहेलना नहीं करेंगे। बाजार में ग्राहकों के वाहन खड़े होने का स्थान तय करें। ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहक ऑटो से आता है, वह पैदल ही आता है। दोपहिया वाहन से शहरी ग्राहक आते हैं। शहर का ग्राहक 20 मिनट तो कोई अधिकतम 40-50 मिनट ही रुकता है। ऐसे में ग्राहक का दोपहिया वाहन पार्किंग में खड़ा करके आना मुमकिन नहीं है। हां, यदि निगम दुकानदारों के वाहनों पर पाबंदी लगाएगा तो उसको स्वीकार किया जाएगा।
शौरी मार्केट से बिना कार्रवाई लौटी टीम
वहीं, पार्किंग ठेकेदार की टीम का शौरी मार्केट में भी विरोध हुआ। दुकानदारों के विरोध के चलते यहां से भी टीम खाली हाथ लौटी। शौरी मार्केट के प्रधान गुलशन ईशपुनियानी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे टीम मार्केट में पहुंची और वाहनों को उठाने लगी। ऐसे वाहन उठाना गलत था, जिसके चलते विरोध किया गया। जिस पर टीम बिना कार्रवाई लौट गई। टीम को आगाह किया है कि आगे से इस तरह वाहनों को नहीं उठाए। यदि दोबारा ऐसा किया तो शिकायत की जाएगी।
विज्ञापन

डी-पार्क, झज्जर रोड, रेलवे रोड, गोहाना अड्डा से हटाए अतिक्रमण
नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ डी-पार्क, झज्जर रोड, रेलवे रोड, गोहाना अड्डा पर अभियान चलाया। टीम ने दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया। डी-पार्क के नजदीक पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करवाई। टीम ने 50 फ्लैक्स और सात स्कूटी जब्त की। इस दौरान भू-अधिकारी सुरेंद्र गोयल, एएसआई परमजीत, एएसआई सुमित, एएसआई कृष्णलाल, एएसआई संदीप राठी, जेई प्रियदीप, जेई सुमित, विक्रांत, सतपाल, देवेंद्र, रोहित आदि मौजूद रहे।
कार्रवाई करें तो विरोध और नहीं करें तो विरोध। जिनकी दुकानें 10 फुट हैं और अतिक्रमण 20 फुट का है, वहीं नहीं चाहते कार्रवाई हो। निगम टीम प्रधान को साथ में लेकर अभियान चलाती है।
विज्ञापन

- डॉ. नरहरि बांगड़ नगर निगम आयुक्त
दो दिन में बाजार के अंदर लाइन खिंचवा दी जाएगी। तय दूरी पर लाइन खींचने के बाद ही अब नगर निगम की टीम बाजार में कार्रवाई करेगी।
- सुरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें