एक किशोरी से घर में घुसकर युवक द्वारा छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। झज्जर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करके रोहतक पुलिस के पास भेजी है। छेड़छाड़, एससी-एसटी एक्ट व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 14 वर्षीय किशोरी के पिता ने शिकायत में बताया कि वह पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल में रहता था। उसकी पत्नी के एक युवक से संबंध बन गए। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। वह बेटे को लेकर चला गया। इसी बीच उसकी 14 वर्षीय बेटी ने फोन करके बताया कि रात को एक युवक घर पर आता है और उसके साथ छेड़छाड़ करता है। वह किसी तरह खुद को बचाती है। जब उसने मां को बताया तो बोली, ये भी तेरा पिता ही है। वह गांव में पहुंचा और बेटी को अपने साथ ले आया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर झज्जर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और कार्रवाई के लिए रोहतक पुलिस के पास भेज दी। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। कलानौर थाना प्रभारी रोहतास सिंह का कहना है कि जल्द आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।