रोहतक। बाजारों से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को भी मुनादी कराते हुए दुकानदारों को ताकीद की। किला रोड बाजार के दुकानदारों से कहा कि सात दिन में छज्जे हटवा लें अन्यथा प्रशासन हटाएगा। रेलवे रोड के दुकानदारों से कहा नोटिस के अल्टीमेटम का अंतिम दिन बुधवार है। इसके बाद निगम ध्वस्तीकरण करेगा। वहीं, अब निगम ने शौरी मार्केट के दुकानदारों को नोटिस देने की तैयारी की है। निगम प्रशासन के सख्त तेवर से बाजारों में हड़कंप मचा है।
रेलवे रोड पर नेटिस चस्पा किए
नगर निगम की टीम ने मंगलवार को रेलवे रोड पर नोटिस चस्पा करवा दिए हैं। इसके साथ ही लाउडस्पीकर से लगातार मुनादी कराई गई। दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि नोटिस के अनुसार स्वयं अतिक्रमण हटाने का अंतिम दिन बुधवार है। यदि अतिक्रमण को नहीं हटाया गया तो किसी भी समय निगम की टीम जेसीबी से अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई करेगी। यदि किसी ने इस दौरान गतिरोध पैदा किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। इसलिए बेहतर है कि बुधवार की रात तक स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण को स्वयं हटा लें।
वहीं, निगम टीम की मुनादी करने के बाद भी दुकानदारों ने अतिक्रमण तोड़ना तो दूर की बात सड़क पर सजाकर रखा सामान तक नहीं हटाया। जिसका परिणाम रहा कि चिलचिलाती धूप में भी रेलवे रोड बाजार में कई बार जाम लगा और लोग परेशान होते रहे।
किला रोड बाजार : छज्जे हटाने का दिया मौका
नगर निगम की टीम ने मंगलवार की दोपहर में किला रोड बाजार में मुनादी कराई। टीम ने दुकानदारों से कहा कि वह अपनी दुकान की हद में रहें। किसी को भी दुकान की सीढ़ी सड़क पर बनाने की इजाजत नहीं है। जिन दुकानदारों ने अपनी सीढ़ी सड़क से नहीं हटाई है, वह स्वयं हटा लें अन्यथा दोबारा से निगम की तरफ से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कहा कि प्रशासन की तरफ से दुकानों के छज्जे सात दिन के अंदर हटाने का मौका दिया गया है। तय समयावधि के अंदर छज्जों को हटवा लें अन्यथा प्रशासन की तरफ से तोड़ा जाएगा। यहीं नहीं तोड़फोड़ करने पर आने वाला खर्च भी बतौर जुर्माना वसूल किया जाएगा।
तारों की शिफ्टिंग की रणनीति बनाते रहे एसडीओ
उपायुक्त के सख्त आदेश से बिजली निगम के अफसरों में भी काफी हलचल है। उपायुक्त का निर्देश मिलते ही कार्यकारी अभियंता मेहताब सिंह ने किला रोड बाजार का मौका मुआयना करके एसडीओ को आदेश दिए। मंगलवार को एसडीओ ने खंभों को हटाने और बिजली के तार बीच में लगे खंभों पर शिफ्ट करने की योजना बनाई। एसडीओ ने बताया कि खंभों को हटाने और तारों को बीच के खंभों पर शिफ्ट करने का काम रविवार तक पूरा हो सकेगा। चूंकि बाजार में भीड़भाड़ रहती है, ऐसे में काम नहीं हो सकता है। इसलिए तय किया जा रहा है कि काम रात में ही करें।
फिर वाहनों का लगा जमावड़ा, पुलिस ने हटाया
भले ही किला रोड बाजार में निगम की टीम तोड़फोड़ कर चुकी है। वाहनों को बाजार में खड़ा नहीं करने की हिदायत भी दी है मगर हालात में सुधार नहीं हो रहा। मंगलवार को बाजार में सड़क के बीचोंबीच काफी संख्या में वाहन खड़े हो गए। जिससे जाम के हालात पैदा होने लगे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहन खड़े करने से रोका मगर उनकी एक नहीं चली। मामले की जानकारी होने पर सब्जी मंडी थाना इंचार्ज देवेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ किला रोड बाजार पहुंचे। पुलिस को आते देख लोग अपने-अपने वाहन लेकर रफ्तार से भागने लगे। बावजूद इसके पुलिस ने कई वाहनों के चालान काटे। दुकानदारों से हिदायत दी कि यदि आगे से वाहन खड़े किए तो सीधे चालान काटने की कार्रवाई होगी।
अब शौरी मार्केट के दुकानदारों को नोटिस देने की तैयारी
जिला व नगर निगम प्रशासन चरणबद्ध तरीके से बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करेगा। रेलवे रोड के बाद अब निगम प्रशासन की तरफ से शौरी मार्केट के दुकानदारों को नोटिस देने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत मंगलवार को शौरी मार्केट के दुकानदारों के लिए नोटिस बनाने की अंतिम रणनीति बनाई गई।
वर्जन -
किला रोड बाजार और रेलवे रोड पर मुनादी करवाकर दुकानदारों को ताकीद किया है। स्पष्ट कहा है कि दुकानदार स्वयं अतिक्रमण अथवा छज्जे हटवा लें अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। रेलवे रोड के अल्टीमेटम का समय बुधवार को खत्म हो रहा है, जिसके बाद निगम कभी भी कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही शौरी मार्केट के दुकानदारों को नोटिस दिए जाएंगे। जिसके लिए निगम ने तैयारी पूरी कर ली है।
- सुरेंद्र गोयल, भूमि अधिकारी नगर निगम