रोहतक। रेलवे स्टेशन के पास रामलीला पड़ाव गली नंबर तीन के लोग नारकीय हालात में रहने को मजबूर हैं। पेयजल लाइन में लीकेज होने के कारण ओवरफ्लो सीवर का पानी घरों में पहुंच रहा है। इससे परेशान लोगों ने पेयजल कनेक्शन तोड़ दिए ताकि गंदा पानी नाली में बहता रहे। लोग करीब 200 मीटर की दूरी से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं।
रामलीला पड़ाव गली नंबर तीन में करीब एक सौ घर बने हुए हैं। यहां रहने वाले परिवारों को नारकीय हालात में जीवन गुजरना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो की काफी गंभीर समस्या है। सुबह और शाम के समय हालात इतने बुरे हो जाते हैं कि दुर्गंध की वजह से घरों में सांस लेना मुश्किल हो जाता है। सड़कों पर गंदगी इतनी ज्यादा है कि लोग पैदल भी नहीं निकल पाते हैं। यही नहीं, पेयजल लाइन कई जगह से टूटी है, जिसकी वजह से सीवर का गंदा पानी नलों के माध्यम से घरों तक पहुंचता है। कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से कर चुके हैं मगर कोई स्थायी निदान नहीं होता।
लोग बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
सीवर ओवरफ्लो की समस्या का निदान कराने के लिए सीएम विंडो पर भी शिकायत कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का निदान नहीं हुआ है।
अक्षय
सीवर ओवरफ्लो होने की वजह से नलों से गंदा पानी आता है जिससे घर में दुर्गंध फैल जाती है। इसलिए लोगों ने दरवाजों पर ही नल का कनेक्शन तोड़ दिया है।
सुरेंद्र
तमाम शिकायत कर चुके हैं मगर सीवर ओवरफ्लो की समस्या से राहत नहीं मिल रही है। घरों में बदबूदार पानी आती है, इस कारण कनेक्शन तोड़ दिया है।
दीपक
अधिकारी गली में आकर हालात देख सकते हैं। गंदगी सड़क पर पड़ी रहती है। सुबह-शाम के समय इतना गंदा पानी भर जाता है कि सांस लेने मुश्किल होता है।
टिंकू
वर्जन -
रामलीला पड़ाव गली-नंबर तीन में लोगों की समस्या का निदान कराने के लिए बुधवार को ही टीम भेजी जाएगी। प्राथमिकता से समस्या का निदान कराया जाएगा।
- रोहित, अधिशासी अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग