झज्जर/बादली। दिल्ली और झज्जर के बीच शुक्रवार को बस सेवा चालू नहीं हो सकी। यह कार्यक्रम एक दिन टल गया। आप नेता मास्टर रणबीर गुलिया ने सरकारी अड़चन को इसका कारण बताया। अब यह कार्यक्रम बदलावों के साथ शनिवार को होगा। पहले बादली और झज्जर में दिल्ली के परिवहन मंत्री को आना था, लेकिन अब वह केवल ढांसा बॉर्डर से ही झंडी दिखाकर बसों को झज्जर के लिए रवाना करेंगे।
आप नेता ने शुक्रवार को दो वीडियो जारी किए, जिसमें पहला वीडियो सुबह के समय जारी किया गया। इसमें उन्होंने बस नहीं चलने के पीछे सरकारी अड़चन को बताया था। आप नेता रणबीर गुलिया ने कहा था कि आज शुक्रवार को कुछ तकनीकी दिक्कत की वजह से बस शुरू नहीं हो सकी हैं। इसमें कुछ सरकारी अड़चन आ गई है। शनिवार को पहले वाले शेड्यूल के हिसाब से कार्यक्रम होगा। फिर दोपहर को आप नेता एक अन्य वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने बसों को भेजे जाने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार का कार्यक्रम अब शनिवार को होगा, लेकिन इसमें बदलाव किया गया है। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के व्यस्त कार्यक्रमों के चलते बादली और झज्जर में नहीं आएंगे। वह केवल ढांसा बॉर्डर से ही डीटीसी बसों को झज्जर के लिए रवाना करेंगे और वहीं से वापस अन्य कार्यक्रमों के लिए रवाना हो जाएंगे। यह कार्यक्रम दोपहर एक बजे ढांसा बॉर्डर पर होगा।
यहां बता दे कि शुक्रवार से दिल्ली-झज्जर के बीच 6 डीटीसी की बस चलनी थी। इसके लिए बादली और झज्जर में कार्यक्रम भी रखा गया था, लेकिन रूट और टाइम टेबल फाइनल नहीं हुआ था। हालांकि एक टाइम टेबल की सूची आप नेताओं की तरफ से जारी की गई, लेकिन रोडवेज की तरफ से किसी प्रकार का टाइम टेबल जारी नहीं होने की बात कही हैं।