जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तहत वीरवार को जिला स्तरीय आयु वर्ग 11 व 14 की स्कूली खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। लड़के व लड़कियों की विभिन्न खेल स्पर्धाओं में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। राजीव गांधी खेल परिसर के अलावा छोटूराम स्टेडियम, जाट स्कूल, सैनी स्कूल, बाल भवन समेत अनेक शिक्षण संस्थाओं में खेल मुकाबले हुए।
वीरवार को राजीव गांधी खेल परिसर में लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बेसबॉल, कुश्ती, योगा, बॉक्सिंग, कबड्डी, खो-खो, जूडो-कराटे, फेंसिंग, बैडमिंटन, सॉफ्टबॉल, आर्चरी, जिमनास्टिक, स्वीमिंग, स्केटिंग, वेटलिफ्टिंग, हैंडबॉल खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा माइक्रोन एकेडमी, जाट स्कूल, बाल भवन, पठानिया पब्लिक स्कूल, मॉडल टाउन स्कूल, सैनी बॉयज स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल, नवयुग पब्लिक स्कूल व महम स्टेडियम में भी स्पर्धाएं हुईं। कोविड एसओपी के तहत विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग सेंटर बनाए गए।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुनीता पंवार के निर्देशन में स्पर्धाएं हुई। डिप्टी डीईओ आशा दहिया खेल प्रतिस्पर्धा के आयोजन की नोडल अधिकारी रहीं। ओवरऑल इंचार्ज बीईओ महम बिजेंद्र हुड्डा रहे। ओवरऑल कन्वीनर एईओ अनिल हुड्डा, एईईओ राकेश सिवाच, प्राचार्य सुरेंद्र लाकड़ा, प्रदीप दहिया, संजय हुड्डा, साधुराम व प्राचार्य राजबाला रही। प्राचार्य संदीप नैन, अशोक नांदल, रितु पंघाल, कैलाश भारद्वाज, सुंदरलाल, वीएस तोमर, सुरेंद्र हुड्डा, विजयबाला, दयानंद, अनिल वर्मा, राजेंद्र, धर्मवीर सैनी एवं सुनीता ने विभिन्न खेलों के कन्वीनर की भूमिका निभाई। मीडिया कन्वीनर प्राचार्य संदीप नैन व मीडिया प्रभारी वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि सभी प्रतिस्पर्धाओं के लिए पहले दस्तावेजों की जांच की गई। खेलों में विभिन्न स्कूलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
शूटिंग का फाइनल आज, कुश्ती 14 को
एईईओ राकेश सिवाच ने कहा कि आयु वर्ग 14 के लड़के व लड़कियों के वर्ग में कुश्ती का फाइनल सीआर स्टेडियम में 14 नवंबर को होगा। इसी आयु वर्ग का शूटिंग का फाइनल जीडी गोयनका स्कूल में 12 नवंबर को होगा।
लड़कियों की स्पर्धा आज से और लड़कों की 15 से
एईओ अनिल हुड्डा ने कहा कि जिला स्तरीय खेल आयोजन की शृंखला की अगली कड़ी में लड़कियों के आयु वर्ग 17 व 19 में 12 व 13 नवंबर को खेल मुकाबले होंगे। लड़कों के मुकाबले 15 व 16 नवंबर को होंगे।
खेल स्पर्धाओं के परिणाम
लड़कियों के आयु वर्ग 14 हॉकी के मुकाबले में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय गिरावड़ ने सैनिक पब्लिक स्कूल रिठाल को दो-शून्य से हराया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महम ने विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल बोहर को चार-तीन के अंतर से हराया।
लड़कों की आयु वर्ग 14 बॉक्सिंग स्पर्धा के 28 से 30 किलो भार वर्ग में शिक्षा भारती विद्यालय बहुअकबरपुर से पंकज प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल से शिवकेश द्वितीय, भार वर्ग 30 से 32 में डीएवी पब्लिक स्कूल से ध्रुव प्रथम, राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय से आशीष नेहरा द्वितीय, भार वर्ग 32 से 34 में डीएवी पब्लिक स्कूल से प्रिंस प्रथम, पाल भारती हाई स्कूल से अरनव दहिया द्वितीय, भार वर्ग 34 से 36 में नन्हा फरिश्ता से आयुष प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल से मोंटी कौशिक द्वितीय, भारवर्ग 36 से 38 में सांगवान इंटरनेशनल स्कूल से निशांत प्रथम, शिक्षा भारती विद्यालय बहुअकबरपुर से ध्रुव द्वितीय रहा। भार वर्ग 38 से 40 में राजकीय मॉडल स्कूल बहुजमालपुर से लक्ष्य प्रथम, एमआरजीएस से आकाश द्वितीय, स्वामी नित्यानंद पब्लिक स्कूल से प्रतीक प्रथम, मानव रचना ग्लोबल स्कूल से तनीष कुमार द्वितीय, भार वर्ग 42 से 44 में एसवीएम इंटरनेशनल स्कूल हन्नी प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय सुखपुरा चौक से सक्षम द्वितीय, भार वर्ग 44 से 46 में इंडस पब्लिक स्कूल से सिकंदर प्रथम, एमडीयू कैंपस स्कूल से देव द्वितीय रहा। भारवर्ग 46 से 48 में शिक्षा भारती विद्यालय बहुअकबरपुर से रितेष प्रथम, सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से यश द्वितीय, भारवर्ग 48 से 50 में शिक्षा भारती सेकेंडरी स्कूल से अरमान प्रथम, गोल्डन क्रिसेंट पब्लिक स्कूल से सुमित द्वितीय रहा।
लड़कियों के आयु वर्ग 14 की जिमनास्टिक स्पर्धा में एमडीएन पब्लिक स्कूल की महक, रिदमिक जिमनास्टिक में मॉडल स्कूल की कनिका, खो-खो में सैनी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शॉटपुट में एचडी पब्लिक स्कूल बहुअकबरपुर की राधिका, डिस्कस थ्रो में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरमाना की साक्षी, स्केटिंग में बाबा मस्तनाथ स्कूल की हर्षिता, फुटबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारायणा, लॉन टेनिस में द लिटिल श्री से सीमर प्रथम रहा। आयु वर्ग 11 की जिमनास्टिक स्पर्धा में वैश्य पब्लिक स्कूल की दिव्या व स्केटिंग में डीएवी पब्लिक स्कूल की हीताक्षी प्रथम रही।
लड़कों के आयु वर्ग 14 की जिमनास्टिक स्पर्धा में सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का आदित्य, हॉकी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महम, शॉटपुट में पठानिया पब्लिक स्कूल का प्रथम, डिस्कस थ्रो में सीएसएम कान्वेंट स्कूल का यश, स्केटिंग में मॉडल स्कूल का आदित्य, फुटबाल में इंडस पब्लिक स्कूल, लॉन टेनिस में मॉडल स्कूल का प्रतीक प्रथम रहा। आयु वर्ग 11 की जिमनास्टिक में ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल का देवेन कुंडू व स्केटिंग में स्कॉलर रोजरी का दिव्यांश प्रथम रहा।
जिमनास्टिक में आदित्य प्रथम रहा
छोटूराम स्टेडियम में जिला स्तरीय आयु वर्ग 11 व 14 के लड़के व लड़कियों की जिमनास्टिक प्रतियोगिता हुई। स्पर्धा के आयु वर्ग 14 में सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का छात्र आदित्य कुमार सैनी जिले में प्रथम स्थान रहा। आयु वर्ग 11 में सैनी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा तृषा सैनी द्वितीय रही। इनका चयन राज्य स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये एक दिसंबर को अंबाला व रेवाड़ी में होने वाली स्पर्धा में शामिल होंगे। स्कूल प्राचार्य डॉ. रामकुमार सैनी व संगीता अरोड़ा ने विजेता खिलाड़ियों को सराहा व बेहतर प्रदर्शन के कड़ी मेहनत करने की सलाह दी।