सड़क किनारे खड़े ट्रक व टैंकर से डीजल चोरी करने वाले उत्तर प्रदेश के गिरोह को हरियाणा के रोहतक जिले में पुलिस ने काबू कर लिया है, जिसके तीन गुर्गे मेरठ तो एक मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है। चोरों ने डीजक के भाव 100 रुपये लीटर पहुंचने पर ट्रकों व गाड़ियों से डीजल चोरी करने की साजिश रची। स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर रात को निकलते और ढाबे व होटलों पर खाना खाने के बहाने रुक जाते। चुपके से जिस ट्रक का चालक व परिचालक सो रहे होते, उनकी टंकी में पाइप लगाकर डीजल चोरी कर लेते।
जांच अधिकारी ने बताया कि गिरोह के गुर्गों ने पूछताछ में बताया कि डीजल 100 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया था। ऐसे में गिरोह ने सड़क किनारे खड़े ट्रक व दूसरी गाड़ियों से डीजल चुराने की साजिश रची। वे स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर रात को निकलते और ढाबे व होटलों पर खाना खाने के बहाने रुक जाते। चुपके से जिस ट्रक का चालक व परिचालक सो रहे होते, उनकी टंकी में पाइप लगाकर डीजल चोरी कर लेते। छह माह पहले मेरठ व आसपास के जिलों में वारदात की। इसके बाद दिल्ली आ गए। दिल्ली में पुलिस का दबाव बना तो हरियाणा का रुख कर लिया। 29 नवंबर की सुबह रोहतक में ढाबे के सामने कैंटर खड़ा मिला। उसका 150 लीटर डीजल व ड्राइवर का पर्स चुराया।
पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले सूचना मिली कि गिरोह स्कॉर्पियो में सवार होकर डीजल चोरी की वारदात को अंजाम देता है। वीरवार को जब गिरोह दोबारा रोहतक आया तो पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपियाें के कब्जे से 50-50 लीटर की दो डीजल की टंकियां मिली हैं। साथ ही ड्राइवर के कागजात बरामद किए गए। 3 हजार की नकदी आरोपियों ने मौज-मस्ती में खर्च कर दी।