हरियाणा के रोहतक जिले के गांव कारोर की खूनी रंजिश के चलते दिवाली के दिन हुए मोहित हत्याकांड में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। सीआईए प्रथम की टीम ने फरीदाबाद के युवक अंशुल उर्फ मोटा व टिटौली निवासी रोहित को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश कर पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेगी, ताकि मुख्य आरोपी व वारदात के मास्टर माइंड जतिन को गिरफ्तार किया जा सके। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मोहित पर आरोप था कि उसने 2018 में हुए आनंदपाल हत्याकांड में अनिल छिप्पी गैंग के लिए रैकी की थी। इसी के चलते उसकी छाजू गैंग ने हत्या की है।
डीएसपी सांपला राकेश कुमार ने बताया कि 12 नवंबर को दिवाली के दिन दोपहर करीब ढाई बजे सूचना मिली कि कारोर गांव में फायरिंग हुई है। वे पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि गांव के युवक मोहित की उस समय हत्या की गई, जब वह गली से गुजर रहा था। बाइक सवार चार युवकों ने अंधाधुंध गोलियां मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतक के पिता अजीत के बयान पर गांव के युवक जतिन व उसके साथियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
छिप्पी गैंग से आनंदपाल हत्याकांड का बदला लिया छाजू गैंग ने
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते 2018 में करोर निवासी आनंदपाल की गोली मारकर हत्या की गई थी। आनंद की पत्नी के बयान पर सांपला थाने में 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अनिल छिप्पी, संदीप उर्फ काला जठेड़ी, सोमबीर, संपत नेहरा, अक्षय पलड़ा, पवन नाहरा, प्रदीप उर्फ पोपी, राजु बसोदी, जयप्रकाश, जय भगवान, बलजीत, विकाश उर्फ भान्दु, अंकित व मोहित, प्रदीप, कुकी, संदीप, विकाश उर्फ बग्गा, राजकुमार उर्फ आरके, रोहित उर्फ रोकी का नाम शामिल था। साथ ही जांच में पुलिस के सामने मोहित का नाम भी सामने आया था। आरोप था कि मोहित ने आनंदपाल की रैकी की थी।
पहले बह चुका है दिवाली के दिन खून
कारोर में सन 2002 से खूनी रंजिश चल रही है। जब घर के अंदर बैठी महिला रानी व रोशनी की गोलियां मारकर हत्या की गई थी। अब तक 19 लोगों की हत्या रंजिश के चलते हो चुकी है। रंजिश को खत्म कराने के लिए बीस से अधिक गांव में पंचायत हुई। बावजूद इसके पंचायत में सुलह नहीं हो सकी। यही नहीं एक तो पंचायत में शामिल लोगों के साथ ही मारपीट कर दी गई। रंजिश के चलते अब तक गांव के 15 से अधिक परिवारों के लोग पलायन कर बाहर जा बसे हैं।
आसपास के गांवों सरपंचों के साथ मीटिंग करेंगे एसपी
डीएसपी राकेश ने बताया कि कारोर गांव में शांति स्थापित करने व रंजिश को खत्म करने के लिए आसपास के गांवों के सरपंचों के साथ जल्द एसपी हिमांशु गर्ग मीटिंग करेंगे। इसके लिए जल्द गांव का भी दौरा किया जाएगा।