फरमाणा गांव में प्लाट विवाद को लेकर किसान को कीटनाशक पिलाने का प्रयास किया गया। फिर उस पर डीजल डालकर आग लगा दी गई, जिससे उसके पैर जल गये। पैर जलने के बावजूद किसान किसी तरह जान बचाकर युवकाें के चंगुल से भाग निकला। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
फरमाणा गांव के रहने वाले किसान वेदप्रकाश का गांव के पप्पू व अन्य से प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। वेदप्रकाश का आरोप है कि प्लाट उसका है, लेकिन पप्पू और उसके साथी प्लाट पर कब्जा करना चाहते हैं। वह प्लाट में मिट्टी डालना चाहता है तो उसे रोक दिया जाता है। इसको लेकर ही उसपर कई बार हमला किया जा चुका है, लेकिन ग्रामीण समझौता करा देते थे। आरोप है कि वेदप्रकाश सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राली से गांव के बाहरी छोर पर अपने प्लाट में मिट्टी डाल रहा था। उसी समय पप्पू, रामकुमार, चरण सिंह और सुंदर वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि वेदप्रकाश की हत्या के लिए पप्पू अपने साथ खेतों में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक और एक केन में डीजल लेकर आया था। पीड़ित को पहले कीटनाशक पिलाने का प्रयास किया गया। लेकिन जब वे इसमें कामयाब नहीं हुए तो उसके ऊपर डीजल डाल दिया गया। हाथापाई के बावजूद वेदप्रकाश के पैरों में आग लगा दी गई। पीड़ित वहां से किसी तरह बचकर गांव की ओर भाग गया और अपने दोस्तों को फोन कर दिया। ग्रामीण वेदप्रकाश को अस्पताल लेकर गये। वहां उपचार कराने के बाद उसने पुलिस में शिकायत की। चारों आरोपियों के खिलाफ महम थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।