हरियाणा के रोहतक में विजय नगर हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। केस की दोबारा जांच कर रही स्टेट क्राइम ब्रांच माता-पिता, बहन व नानी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार अभिषेक उर्फ मोनू से दोबारा पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए सोमवार को जांच टीम की तरफ एएसजे डॉक्टर गगनगीत कौर की अदालत में याचिका दायर की गई। अब मामले में अगली सुनवाई 2 जुलाई को होगी। उधर, बचाव पक्ष ने याचिका दायर करके जांच टीम से केस की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।
जिला अदालत में केस की सुनवाई हुई। मामले की नए सिरे से जांच कर रही स्टेट क्राइम ब्रांच ने अदालत में एक अर्जी दाखिल की है। इसमें जांच टीम ने जेल में बंद आरोपी अभिषेक उर्फ मोनू से नए सिरे से पूछताछ करने की बात कही है। इसके लिए प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तारी की अनुमति मांगी है। अदालत ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। -एडवोकेट सुशील कुमार, वकील पीड़ित पक्ष।
अब आरोपी से पूछताछ का औचित्य नहीं
अदालत में सोमवार को याचिका दायर करके स्टेट क्राइम ब्रांच से केस की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। साथ ही स्टेट क्राइम ब्रांच की लगाई गई अर्जी का विरोध किया। क्योंकि इतने दिन बाद आरोपी से पूछताछ का कोई औचित्य नहीं है। क्राइम ब्रांच की तरफ से मौखिक तौर पर कहा गया है कि एक माह के अंदर सहायक चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। अब मामले की अगली सुनवाई दो जुलाई को होगी। -एडवोकेट शिवराज मलिक, वकील, बचाव पक्ष।