शहर में बढ़ रही स्नेचिंग की घटनाओं के पीछे दिल्ली के गिरोह का हाथ सामने आया है। पुलिस ने गिरोह के एक आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी को शिवाजी कॉलोनी में कपड़ा व्यापारी की पत्नी से स्नेचिंग के मामले में दबोचा गया है। घटना के बाद एसपी ने आरोपियों की पहचान बताने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। पकड़ा गया आरोपी नरूला का रहने वाला है। हालांकि पुलिस ने उसके बारे में अभी तक खुलासा नहीं किया है। क्योंकि पुलिस उसके अन्य साथियों को दबोचने के चक्कर में है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों के बारे में भी सूचना मिल गई है। दिल्ली सहित अन्य जगहों पर छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित किया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम दिल्ली के रवाना हो गई है। विशेषकर दिल्ली के नरूला में छापेमारी की जा रही है। बृहस्पतिवार रात को दिल्ली में डेरा जमाए रखा।
एक दिन में कई वारदात कर हो जाते थे फुर्र
वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य शहर में ग्रुप के रूप में आते थे। इसके बाद मौका मिलने पर शहर में एक के बाद एक वारदात को अंजाम देते थे। फिर पुलिस की नजरों से बचते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो जाते थे। इतना ही नहीं आरोपियों को यदि दिल्ली जाते समय रास्ते में भी किसी को शिकार बनाने का मौका मिलता तो वह वारदात को अंजाम दे देते थे।
ये था मामला
बता दें कि 17 जुलाई को शिवाजी कालोनी मार्केट में खरीदारी करने आई कपड़ा व्यापारी श्रीभगवान की पत्नी पिंकी के गले से दो बाइक सवारों ने सोने की चेन तोड़ ली थी। पुलिस के हाथ बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज लग गई थी। इसी आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।