हरियाणा के रोहतक के हिसार रोड पर ड्रेन नंबर आठ के पास ऑटो रिक्शा से गर्दन बाहर निकाल कर सो रहे चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से गर्दन कटकर 30 फीट आगे जा गिरी। मृतक की पहचान मदीना गांव निवासी सतीश के तौर पर हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में शहर थाने में अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग करने का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक मदीना निवासी साहिल ने बताया कि वे दो भाई हैं। उसका पिता सतीश ऑटो चलाता है। हर रोज सुबह गांव से रोहतक सवारी लेकर आता और वापस आ जाता है। पांच जुलाई की सुबह रोहतक शहर के लिए गया था। उसके पिता कभी-कभी शराब भी लेते थे। रात को घर नहीं आए तो पता चला कि उनका ड्रेन नंबर आठ के पास एक्सीडेंट हो गया है।
वह अपने दादा रामधन व भाई अनीत के साथ मौके पर पहुंचे। ऑटो को किसी वाहन ने टक्कर मार रखी थी। गर्दन 30 फीट आगे शरीर से कटकर गिरी हुई थी। उन्हें शक है कि थकावट व नशे के कारण उसके पिता ऑटो में गर्दन बाहर करके सो गए।
अज्ञात वाहन साइड मारकर घसीटते हुए ले गया। इससे गर्दन कटकर अलग हो गई। साथ ही उसके पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रहे हैं।