महिला वकील से छीने गए मोबाइल को खरीदने पर पीजीआई के सफाई कर्मचारी को सलाखों के पीछे जाना पड़ गया। मोबाइल की लोकेशन से पुलिस आरोपी खरीदार सफाई कर्मचारी सुनारिया कला निवासी लक्ष्मीनारायण तक पहुंची। इसके बाद छीनाझपटी करने वाले दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मूलरूप से खरखौदा हाल विजय नगर निवासी अमित उर्फ अंडा और सुनारिया कला निवासी विनित उर्फ छोटे सहित लक्ष्मीनारायण को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अमित और विनीत को दो दिन के रिमांड में भेज दिया जबकि लक्ष्मीनारायण को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आठ मार्च को मयूर विहार चौक से आरोपियों ने महिला वकील से पर्स छीना था। इसमें मोबाइल भी था। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया। जनता कॉलोनी चौकी एएसआई बिजेन्द्र सिंह को पता चला कि छीना गया मोबाइल सुनारिया कला के लक्ष्मीनारायण के पास है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पीजीआई में सफाई कर्मचारी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि उसने विनित और विजय से मोबाइल खरीदा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मोबाइल को कुछ रुपयों में लक्ष्मीनारायण को बेच दिया था। मामले में पकड़े गया आरोपी अमित 8 वीं कक्षा फेल है। आरोपी पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज है। साथ ही आरोपी विनित ने 10वीं पास कर रखी है।
कई और मामलों के हो सकते हैं खुलासे
पुलिस रिमांड में आरोपियों से महिला के पर्स सहित अन्य सामान की पूछताछ करेगी। पुलिस की मानें तो दोनों आरोपियों से और भी मामलों के खुलासे हो सकते हैं। साथ ही उनके गिरोह के अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सकता है।
यह था मामला
8 मार्च को विश्वकर्मा नगर निवासी सोनिका जांगड़ा मयूर विहार स्थित जैन स्नातक के पास से गुजर रही थी। सोनिका रोहतक कोर्ट में वकील है। इसी बीच दो आरोपी उनका पर्स छीनकर फरार हो गए थे। वारदात के समय सोनिका के पर्स में 4700 रुपये, एक मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। शिवाजी कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया।