आंख में मिर्च पाउडर झोंक कर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशोें को क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों की शिनाख्त सोनारपुरा के मोहित यादव, लल्लापुरा के अनिल कुमार गुप्ता और औरंगाबाद, मीरबाग के सूरज गुप्ता उर्फ काने के तौर पर हुई है। तीनों के पास से .32 बोर की रिवाल्वर और तमंचा के अलावा चार कारतूस और लूट के आठ हजार रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्त में आया मोहित और अनिल हत्या व चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को एसपी (क्राइम) त्रिभुवन सिंह ने बताया कि बीते पांच अप्रैल को चेतगंज के कॉटन मिल इलाके में लूट की नीयत से बदमाशों ने राजेंद्र प्रसाद पांडेय की आंख में मिर्च पाउडर झोंक दी थी। फिर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद 21 मई को पितरकुंडा तिराहा के पास सुपारी कारोबारी शोभनाथ सेठ की आंख में मिर्च पाउडर झोेंक कर बदमाश उनसे 15 हजार रुपये और स्कूटी लूट ले गए थे।
क्राइम ब्रांच की इंटेलिजेंस विंग के एसआई विजय प्रताप सिंह को शुक्रवार को पता चला कि सुपारी कारोबारी से लूटी गई स्कूटी के साथ तीन बदमाश संपूर्णानंद विवि के पूर्वी गेट के सामने स्थित पार्क के पास खड़े हैं। विजय ने इंटेलिजेंस विंग प्रभारी अतुल नारायण सिंह, सर्विलांस प्रभारी ओम नारायण सिंह और समंतभद्र शुक्ल के साथ घेरेबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने कॉटन मिल के पास हत्या और सुपारी व्यवसायी से लूटपाट में संलिप्तता स्वीकारी।