दंगों के बाद मानों शहर के बड़े शोरूम को नजर सी लग गई है। डी पार्क के सामने स्थित शीतल कांप्लेक्स में बृहस्पतिवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कांप्लेक्स का बाहरी हिस्सा, एक शोरूम और मोबाइल शॉप जल उठे। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर आग को फैलने से बचाया। ऐसे अनुमान है कि पास के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग फैली।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। दिल्ली रोड पर डी पार्क के सामने विनोद हुड्डा का शीतल कांप्लेक्स है, जिसमें कई ब्रांडेड कंपनियों के कपड़े, कास्मेटिक, मोबाइल के शोरूम हैं। डी पार्क में बृहस्पतिवार सुबह लगभग छह बजे घूमने गए लोगों ने देखा कि कांप्लेक्स से आग की लपटें उठ रही हैं। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया, लेकिन उस समय तक कांप्लेक्स का बाहरी हिस्सा पूरी तरह से जल चुका था।
इसके अलावा अनुभव शर्मा का एसेंसिया फैमिली वियर, कास्मेटिक शोरूम, एप्पल मोबाइल का शोरूम भी जल गया। अनुभव शर्मा के अनुसार आग ने उनका करीब 2.5 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि कांप्लेक्स और मोबाइल शोरूम में तीन करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। कांप्लेक्स के सामने ही बिजली के ट्रांसफार्मर लगे हैं। कांप्लेक्स मालिक विनोद हुड्डा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि ट्रांसफार्मर में शॉर्टसर्किट से आग लगी है। पीजीआई एसएचओ कुलदीप ने बताया कि अभी जांच चल रही है कि आग ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट से लगी है या अन्य कारण रहे। जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
आग नहीं बुझती तो राख हो जाता कांप्लेक्स
जिस तरह से आग अचानक लगते ही तेजी से फैलनी शुरू हो गई, उसे बुझाने में अगर देरी हो जाती तो पूरा कांप्लेक्स राख हो जाता। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग काफी तेजी से बढ़ती जा रही थी और उससे कांप्लेक्स ही नहीं, बल्कि आसपास की दुकानें और घर भी जल सकते थे। हालांकि सूचना देते ही फायर ब्रिगेड वाले वहां पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों ने भी सहयोग आग पर काबू पाया।