लाखनमाजरा खंड के गांव चिड़ी में बुधवार देरशाम हुए झगड़े में भाई ने ले ली भाई की जान
- फोटो : Demo pic
लाखनमाजरा खंड के गांव चिड़ी में बुधवार देर शाम सगे भाई ने अपने भाई की ईंट मारकर हत्या कर दी। दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और बात मारपीट में बदल गई। एक भाई दूसरे को मारने के लिए कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा तो दूसरे ने ऊपर से ईंट बरसा दी। एक ईंट भाई के सिर में लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार है और पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मृतक का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
गांव चिड़ी निवासी 30 वर्षीय बिजेंद्र (36) गांव में मजदूरी का काम करता था। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक उसका अपने सगे भाई रामनिवास से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। रामनिवास अपने मकान की छत पर रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजेंद्र अपने हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपने भाई की हत्या करने के लिए ऊपर चढ़ने लगा तो उसी समय रामनिवास ने ईंट से बिजेंद्र पर हमला कर दिया। एक ईंट बिजेंद्र के सिर में जा लगी। सिर में ईंट लगते ही बिजेंद्र की मौके पर मौत हो गई। लाखनमाजरा एसएचओ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने मौके से ईंट बरामद की है, जिससे बिजेंद्र की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवा दिया गया है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम होगा।
चिड़ी गांव में दो सगे भाइयों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। एक भाई बिजेंद्र ने अपने भाई पर कुल्हाड़ी से हमला किया। दूसरे ने बिजेंद्र पर ईंट से हमला किया। ईंट लगने से बिजेंद्र की मौत हो गई। आरोपी अभी फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा
शमशेर सिंह, डीएसपी