उत्तराखंड से लापता युवती की तलाश में हरियाणा पहुंची नैनीताल पुलिस से लूटपाट हो गई। पुलिस भिवानी के गोपालवास गांव से जब युवती व युवक को लेकर जा रही थी तो रोहतक के पास युवक के परिजनों ने रास्ता रोक लिया। न केवल लड़के व लड़की को लेकर चले गए, बल्कि सरकारी कागजात भी छीनकर ले गए। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में लूट व सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक नैनीताल के थाना मुखानी की आम्रपाली चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नीरज चौहान ने दी शिकायत में बताया कि 14 दिसंबर 2021 को 20 वर्षीय लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। जांच में पता चला कि लड़की हरियाणा के भिवानी जिले के गांव गोपालवास में है।
पुलिस लड़की के परिजनों के साथ पहुंची और लड़की को बरामद कर लिया। पुलिस निजी वाहन से लड़की व लड़के अमित चौधरी को लेकर नैनीताल के लिए रवाना हुई। सोमवार को करीब डेढ़ बजे जब रोहतक के नजदीक आउटर बाईपास पर पहुंचे तो पीछे से आई कार ने ओवरटेक करके रास्ता रोक लिया।
कार में अमित का भाई रवि, चार अन्य लोग व दो महिलाएं थी। वे अमित के परिजन लग रहे थे। उन्होंने जबरन पिछली सीट पर बैठी युवती व अमित को गाड़ी की साइड का शीशा तोड़कर निकालने का प्रयास किया। वह नीचे उतरा और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने सरकारी कागजात छीन लिए और धक्का मुक्की करके युवती व अमित को अपनी कार में बैठाकर फरार हो गए। आरोपियों के दो मोबाइल फोन वहीं गिरे मिले, जिनको पुलिस को सौंपा गया है।
नैनीताल पुलिस के एसआई नीरज चौहान की तरफ से लिखित में शिकायत दी गई है जिसपर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, सरकारी कागजात छीनने का मामला दर्ज किया गया है। - एसआई राजकरण, कार्यकारी थाना प्रभारी, शिवाजी कॉलोनी