दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गों को वसंत कुंज इलाके में मुठभेड़ के बाद काबू किया है, जिसमें एक युवक रोहतक के मोखरा गांव का रहने वाला 23 वर्षीय अनीश है जबकि उसके साथी की उम्र 15 साल है। इस संबंध में स्पेशल सेल ने मामला दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे वसंत कुंज की पॉकेट नंबर नौ के पास दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। दूसरी तरफ से पांच व पुलिस की तरफ से दो गोलियां चलाई गईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को काबू कर लिया। एक युवक की पहचान रोहतक जिले के गांव मोखरा निवासी 23 वर्षीय अनीश के तौर पर हुई जबकि दूसरा 15 साल का किशोर है।
दिल्ली के पांच सितारा होटल में फायरिंग करने जा रहे थे
आरोपी पंजाब की जेल में बंद अमित नाम के युवक के इशारे पर दिल्ली के पांच सितारा होटल में फायरिंग करने जा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, चार कारतूस व एक बाइक बरामद हुई है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ स्पेशल सेल ने आईपीसी की धारा 186, 353, 307, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अनीश के खिलाफ रोहतक में छह केस दर्ज हैं, जिसमें डकैती, आर्म्स एक्ट व मारपीट के केस शामिल हैं।
आरोपी अनीश 2019 से पहले जिले में सक्रिय था। अभी किसी वारदात में उसकी भूमिका सामने नहीं आई है। दिल्ली पुलिस से पूरा ब्येरा मांगा गया है।
-एसआई आजाद नैन, प्रभारी सीआईए द्वितीय।