आईजी ऑफिस पहुंचे परिजनों का आरोप, वारदात की जगह लोकेशन मिली तो निर्दोष युवक से पूछताछ करने पहुंची पुलिस
बुधवार को आईजी ऑफिस में हंगामा हो गया। 62 लाख रुपये की सिगरेट से भरे
ट्रक की लूट मामले में पुलिस गांधरा गांव में पूछताछ करने पहुंची तो
ग्रामीणों ने उसे चुनावी स्टंट समझ लिया।
गुस्साए ग्रामीण पुलिस पर मारपीट
का आरोप लगाते हुए आईजी ऑफिस पहुंच गए और पुलिस टीम पर कार्रवाई की मांग
की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने न तो पूछताछ का कारण बताया और मारपीट
में एक युवक बेसुध भी हो गया। आईजी श्रीकांत जाधव ने मौके पर ही सांपला
थाना एसएचओ सहित पूछताछ करने वाली टीम को बुला लिया। यहां एसएचओ ने बताया
कि वे लूट के संबंध में पूछताछ के लिए गांव गए थे।
इसके बाद ग्रामीण शांत
हो गए।
दरअसल छह दिन पहले गांव गांधरा के पास 62 लाख रुपयों की सिगरेट
से भरे एक ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया था। जब पुलिस ने मामले की छानबीन की
तो गांधरा गांव के एक युवक के मोबाइल की लोकेशन वारदात स्थल के पास मिली।
इसी आधार पर पुलिस मंगलवार रात को गांव में पहुंच गई।
पुलिस उक्त युवक के
घर पहुंची, लेकिन वहां उसका भाई मिला। आरोप है कि पुलिस ने यहां एक के बाद
एक कई युवकों को बुला लिया। सख्ती से पूछताछ के कारण एक युवक की तबियत खराब
हो गई, जिसे ग्रामीणों ने संभाला।
पुलिसकर्मी बोला- कितनी मार झेलोगे
युवकों
के परिजनों ने एक सिपाही पर धमकाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप है
कि जब तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही थी तो कांस्टेबल ने उनसे कहा कि एक
समय में कितनी मार झेलोगे। ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित कांस्टेबल गांव
में एक प्रत्याशी का परिचित है। इसलिए वह अपने प्रत्याशी के पक्ष के वोट
डलवाने के लिए दबाव बना रहा था।
गांव में तैनात हो फोर्स
वहीं,
सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने गांव में पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव को लेकर उनके ऊपर कुछ प्रत्याशी दबाव बना
रहे हैं। इस कारण गांव में चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बस
तैनात किया जाए।