परिजन बनकर पहुंची पुलिस ने 4 पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
बाबरा मोहल्ले में एक घी व्यवसायी का बुधवार सुबह अपहरण कर लिया गया। उनकी दुकान से घी लेकर जाने वाली एक महिला ने उधार के रुपये देने के बहाने व्यवसायी को अपने घर के पास बुलाया और साथियों के साथ मिलकर अगवा कर बंधक बना लिया। व्यवसायी के मोबाइल से ही उनके बेटे को फोन करके पहले 50 हजार रुपये मांगे गए। परिजनों ने 50 हजार रुपये दे दिए तो लालच में आकर दोबारा से 5 लाख की डिमांड कर दी गई। पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिसकर्मी सादी वर्दी में परिजन बनकर सूटकेस लेकर पहुंचे। फिल्मी घटनाक्रम में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए व्यापारी को छुड़ाकर दो महिलाओं और दो पुरुषों को काबू कर लिया।
धोबी मोहल्ले में रहने वाले इंद्रजीत मक्कड़ देशी घी के व्यवसायी हैं और बाबरा मोहल्ले में दुकान चलाते हैं। इंद्रजीत के भाई राम प्रकाश मक्कड़ ने बताया कि उनकी दुकान पर नीलम नाम की एक महिला घी लेने आती थी। वह कुछ दिन पहले ही पांच किलो घी उधार में लेकर गई। नीलम ने बुधवार सुबह इंद्रजीत को फोन करके कहा कि घी के रुपये ले जाओ। महिला ने व्यवसायी को बाबरा मोहल्ला स्थित अपने घर के पास बुला लिया। व्यवसायी महिला के घर के पास पहुंचा तो वहां नीलम के साथ एक अन्य महिला पिंकी और दिल्ली निवासी संजय औैर आसन का रहने वाला नसीब भी मौजूद थे।
चारों इंद्रजीत को नीलम के मकान में लेकर गये और बंधक बना लिया। पीड़ित के मोबाइल से उनके बेटे हिमांशु को फोन करके कहा कि उसके पिता का अपहरण कर लिया गया है और 50 हजार रुपये नए बस अड्डे आ जाओ। हिमांशु नए बस अड्डे पर पहुंचा तो उसे दयानंद मठ के पास आने के लिए कहा गया। मठ के पास एक महिला और एक व्यक्ति मिले, जिन्होंने उससे रुपये लेकर मारपीट की और दोबारा से 5 लाख रुपये लेकर आने को कहा। हिमांशु ने घर पहुंचकर अपने ताऊ रामप्रकाश को पूरी बात बताई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर जाल बिछाया। बदमाशों से बातचीत करके उन्हें विश्वास में लिया गया। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में बोहर के पास पीड़ित के परिजन बनकर पहुंचे। यहां से व्यापारी को बरामद करने के साथ ही चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुरानी सब्जी मंडी थाना एसएचओ सुभाष ने बताया कि चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने इस तरह छुड़ाया व्यापारी
पुलिस को डर था कि कही कोई गड़बड़ होने पर व्यापारी के साथ अप्रिय घटना न हो जाए। पुलिसकर्मियों ने परिजन बनकर अपहरण करने वालों से बातचीत की और कहा कि हम 5 लाख रुपये देने के लिए तैयार हैं। आखिर में अस्थल बोहर के पास रुपये देने की बात तय हुई। यहां पुलिसकर्मी सादी वर्दी में परिजन बनकर खाली सूटकेस लिए पहुंच गए। जबकि अन्य कई पुलिसकर्मी आसपास छिपकर नजर रखे हुए थे। महिलाओं के साथ यहां बदमाश व्यवसायी को लेकर पहुंचे। पुलिस ने झांसा देकर व्यापारी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया और आरोपियों को पकड़ लिया।