आरोपी को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी पूछताछ में बोला कि मैं तो युवती को कार्यालय में छोड़कर घर आ गया था। अब पुलिस मोनू से पूछताछ कर अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
रोहतक के सोनीपत रोड के नजदीक पांच दिन पहले हुए सामूहिक दुष्कर्म के बाद 23 वर्षीय युवती को गोली मारने के केस में पुलिस ने आरोपी युवक बोहर निवासी अमित उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती को लेकर कार्यालय में गया था, लेकिन वापस घर आ गया था। पीछे छारा गांव निवासी भोलू रह गया था। युवती को उसी ने गोली मारी है। अब पुलिस मोनू से पूछताछ कर अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक छह अक्तूबर की सुबह एक 23 वर्षीय युवती को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया। उसके पैर में घुटने के पास गोली मारी गई थी। पुलिस ने दिए में उसने आरोप लगाया था कि वह रोहतक में किराये पर रहती है। मोनू नाम का युवक उसे अपने कार्यालय में नौकरी का झांसा देकर ले गया।
वहां पर चार-पांच युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर एक युवक ने उसके पैर में गोली मार दी। इसके बाद एक आरोपी उसे कार में बैठाकर खेड़ी साध के पास निजी अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गया। महिला ने अपनी परिचित महिला को फोन पर सूचित किया। वह उसे लेकर पीजीआई पहुंची। अर्बन एस्टेट थाने में मोनू सहित अन्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था।
आरोपी बोहर निवासी मोनू को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। उसका कहना है कि छारा निवासी भोलू ने युवती को गोली मारी थी। वही बता सकता है कि अन्य आरोपी कौन-कौन थे। वह तो फायरिंग के समय घर आ चुका था। - इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट