घनीपुरा मोहल्ले में जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर पड़ोसी ने साथियों के साथ मिलकर युवक पर राड से हमला बोल दिया। हमले में गंभीर घायल युवक को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। वहीं, जब पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी तो आरोपी पक्ष ने उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में आर्यनगर पुलिस चौकी में शिकायत दी गई है।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घनीपुरा मोहल्ला निवासी अनिल ने बताया कि उनके पड़ोसी अपने मकान का निर्माण कर रहे हैं। आरोप है कि पड़ोसियों ने अनिल की जगह पर कब्जा करने के लिए उनकी जमीन पर भी निर्माण शुरू कर दिया। जब अनिल और उनके भाई मनीष ने इसका विरोध किया तो रविवार सुबह को दोनों पक्षों के बची कहासुनी हो गई।
इसी विवाद में दोपहर करीब एक बजे अनिल का पड़ोसी अपने साथियों के साथ आ धमका और अनिल व मनीष पर राड से हमला कर दिया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके बाद घर में केवल महिलाएं होने के कारण अनिल ने अपने दोस्तों को घर भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी फिर से मौके पर पहुंचे और अनिल के दोस्तों पर भी हमला कर दिया। अनिल के दोस्तों का कहना है कि जब वह मामले की शिकायत करने पुलिस के पास जाने लगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आर्य नगर पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।