रिटौली में बुढ़ापा पेंशन बांटने जा रहे डाक कर्मचारी से दो लाख रुपये लूटने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
जांच अधिकारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि एंटी व्हीक्ल थैफ्ट और डिटेक्शन टीम को लूट में शामिल तीन आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। शनिवार को एएसआई रोहताश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव कबूलपुर बस अड्डा से वारदात में शामिल रिटौली के संदीप और विक्की उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी संदीप 11 वीं कक्षा में पढ़ता है जबकि आरोपी विक्की 12 वीं पास है। इन दोनों आरोपियों ने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर पिस्तौल के बल पर डाक कर्मचारी से लूट की थी। वहीं पुलिस तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से लूटे हुए दो लाख रुपये, वारदात में शामिल बाइक और दस्तावेज बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये था मामला
गांव रूड़की निवासी सुरेंद्र डाकघर में डाकपाल की नौकरी करता है। वह एक सितंबर को बुढ़ापा पेंशन के दो लाख रुपये, पेंशन के कागजात और डाकखाने के अन्य दस्तावेज लेकर पेंशन बांटने के लिए रिटौली जा रहा था। सुनारिया फाटक पर गांव रिटौली निवासी एक युवक ने सुरेंद्र को बाइक पर लिफ्ट दी। बाइक सवार के साथ दो अन्य युवक भी थे। रास्ते में सुनारियां के खेतों में तीनों ने देसी पिस्तौल दिखाकर दो लाख रुपये और अन्य कागजात लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में शिवाजी कालोनी थाने में केस दर्ज किया गया था।