दिल्ली रोड स्थित जाट कॉलेज में नए सत्र के पहले ही दिन एक छात्र पर फायरिंग कर दी गई। सोमवार सुबह एक युवक पिस्टल लेकर साथियों सहित कॉलेज के अंदर घुस गया। हथियारबंद युवक और उसके साथी कॉलेज के ही एक पूर्व छात्र के पीछे पिस्टल लेकर दौड़ पड़े। तभी पूर्व छात्र ने हौसला दिखाते हुए अपनी बेल्ट निकाल ली और पिस्टल लिए हुए युवक से भिड़ गया और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
मामला उल्टा पड़ता देख आरोपी युवक ने फायरिंग कर दी और साथियों सहित कॉलेज से फरार हो गया। फायरिंग में पूर्व छात्र बाल-बाल बच गया। घटना सुबह 11 बजकर 35 मिनट की है। हमलावरों में बाहरी और कॉलेज के पूर्व छात्र बताए जा रहे हैं। पीजीआई थाने में विकास, जसवंत और अमित के खिलाफ हत्या प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वारदात के पीछे आपसी झगड़े को कारण बताया जा रहा है।
दरअसल गांव बोहर निवासी रवि कुमार ने कुछ समय पहले कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की है। वह सोमवार सुबह अपनी मार्कशीट लेने कॉलेज आया था। कॉलेज में उसे बीएससी फ ाइनल ईयर में पढ़ने वाला दोस्त मिल गया। कुछ देर बात करने के बाद रवि और उसका दोस्त विनीत मुख्य गेट पर पानी पीने चले गये। जब रवि पानी पीने लगा तो अचानक तीन युवक कॉलेज के अंदर घुसे और हाथ में पिस्टल ले रहा आरोपी रवि की तरफ दौड़ा। आरोपी के हाथ में पिस्टल देखकर रवि भागने लगा। तभी आरोपियों ने रवि को पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। फिर रवि पर पिस्टल तान दी।
लेकिन रवि ने हिम्मत दिखाई और पिस्टल लिए हुए युवक पर झपट पड़ा। रवि ने अपनी बेल्ट निकालकर हथियारबंद युवक पर धावा बोल दिया। दाव उल्टा पड़ता देख आरोपी कॉलेज के अंदर की तरफ भागने लगा, लेकिन रवि ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और भागते हुए ही उस पर बेल्ट से वार किये। जब आरोपी को जान बचानी मुश्किल हो गई तो उसने गोली चला दी। शुक्र रहा गोली रवि को नहीं लगी। फायरिंग करने के बाद तीनों मुख्य गेट से होते बाइक पर बैठकर फरार हो गये। पीजीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में सीआईए 2 भी कॉलेज में पहुंच गई। यहां पुलिस ने रवि से हमलावरों के बारे में पूछताछ की। पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है।
फायरिंग होते ही मची भगदड़
फायरिंग की तो कॉलेज में अफरातफरी मच गई। किसी ने कमरे में घुसकर जान बचाई तो कोई कॉलेज के पार्क में घुस गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक आरोपी फरार हो गये थे। मामले में अभी तक बाहरी और कॉलेज के पूर्व छात्रों के नाम सामने आ रहे हैं। रवि ने पुलिस को अभी तक हमले की असली वजह नहीं बताई है। पुलिस रवि से भी पूछताछ कर रही है।
सारी घटना सीसीटीवी में कैद
वारदात कॉलेज में लगे सीसीटीवी कै मरों में कै द हो गई है। पुलिस ने कॉलेज से फुटेज ली है। फुटेज में आरोपी कॉलेज के अंदर घुसते और रवि व उसके दोस्त के पीछे भागते नजर आ रहे हैं। एक फुटेज में रवि पिस्टल ले रहे आरोपी से भिड़ता नजर आ रहा है। फु टेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि रवि ने पुलिस को तीनों आरोपियोें के नाम बता दिए हैं।
सुबह ही हवन कर की थी सेशन की शुरुआत, भीड़ थी ज्यादा
खास बात ये भी है कॉलेज में सोमवार सुबह ही हवन कर नए सेशन की शुरुआत की गई थी। कॉलेज में बच्चों की भीड़ कहीं ज्यादा थी। शुक्र रहा कि गोली रवि व अन्य किसी विद्यार्थी को नहीं लगी। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि कॉलेजों में 20 प्रतिशत सीटें बढ़ने के कारण अधिक संख्या में छात्र पहुंचे थे।
गेट पर न पुलिस और न ही सुरक्षाकर्मी
कॉलेज समय में मेन गेट हर समय पुलिस तैनात रहती है, लेकिन जिस समय घटना हुई उस समय न तो वहां पीसीआर थी न ही कोई पुलिसकर्मी। इससे ज्यादा लापरवाही क्या होगी कि कॉलेज के सुरक्षाकर्मी भी नदारद ही दिखे। आरोपी कॉलेज के मेन गेट से घुसे और फायरिंग कर आसानी से फरार भी हो गए, लेकिन उन्हें पकड़ने वाला कोई नहीं था। यदि गेट पर उस समय कॉलेज के सुरक्षाकर्मी या फिर पुलिसकर्मी होते तो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था। कॉलेज के गेट बंद किए जाते तो भी आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिलता।
नेकीराम कॉलेज में हुई थी छात्र की हत्या
कॉलेजों में सुरक्षा को लेकर पुलिस का ढीला रवैया एक बार फिर सामने आ गया है। पिछले साल जाट कॉलेज से ही थोड़ी दूर स्थित नेकीराम राजकीय कॉलेज में एक छात्र की चाकुओं और सुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस सुरक्षा व कॉलेज सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। तगड़ा हंगामा भी मचा था। फिर पुलिस ने कॉलेज के सामने एक पीसीआर तैनात की थी। लेकिन अब जाट कॉलेज में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होने से फिर से पोल खुल गई है। जबकि दाखिले के समय कॉलेज के सामने एक पीसीआर तैनात होना लाजिमी होता है।
सीसीटीवी फुटेज में लाइव
11 बजकर 34 मिनट
तीन आरोपी मुख्य गेट से कॉलेज के अंदर घुसते हैं और रवि के पीछे दौड़ते हैं।
11 बजकर 35 मिनट
आरोपियों द्वारा रवि पर हमला कर दिया जाता है। रवि जान बचाते हुए कॉलेज के अंदर दौड़ता है।
11 बजकर 35 मिनट 53 सेकेंड
रवि अपनी बेल्ट निकालकर पिस्टल ले रहे आरोपी पर हमला बोल देता है। दोनों के बीच जमकर हाथापाई होती है।
11 बजकर 36 मिनट
पिस्टल ले रहा आरोपी दाव उल्टा पड़ने के कारण फायरिंग कर अपने साथियों के साथ कॉलेज से फरार हो जाता है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई थी। साथ ही पूरा कॉलेज प्रशासन आरोपियों की तलाश में सक्रिय हो गया था। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गये हैं। फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।
- डॉ. एसके मलिक प्रचार्य जाट कॉलेज।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों की तलाश की जा रही है। अभी तक फायरिंग का कारण आपसी झगड़ा बताया जा रहा है। आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद सच्चाई सामने आएगी।
कुलदीप, एसएचओ, पीजीआई थाना।