जेल से बाहर ड्यूटी लगाने पर सुनारिया जेल में कार्यरत जेल वार्डर को इतना गुस्सा आया कि उसने जेल डीएसपी के सामने ही दूसरे डीएसपी को गालियां देनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं कई अभद्र टिप्पणी भी की। इस पर संज्ञान लेते हुए जेल प्रशासन ने वार्डर सुनील को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
जेल अधीक्षक दयानंद मंडौला ने बताया कि कई दिन पहले एक वार्डर सिपाही सुनील की ड्यूटी जेल के बाहर लगा दी गई थी। इसके बाद रात दस बजे जब वार्डर के पास जेल डीएसपी राकेश लोहचब पहुंचे तो वार्डर ने ड्यूटी लगाने वाले डीएसपी को गालियां देनी शुरू कर दी। इस पर डीएसपी राकेश ने उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन वार्डर यही नहीं रुका और उक्त डीएसपी के खिलाफ कई अभद्र टिप्पणी भी कर दी। वार्डर की करतूत के बारे में डीएसपी ने अधीक्षक मंडौला को बताया और वार्डर के खिलाफ शिकायत दी। इस पर जेल अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच के बाद वार्डर को सस्पेंड कर दिया। कार्रवाई की सारी रिपोर्ट जेल प्रशासन ने जेल महानिदेशक कार्यालय में भी भेज दी है। अब सिपाही को मुख्यालय में बुलाया गया है। उसके खिलाफ स्थानीय स्तर पर विभागीय जांच भी शुरू हो चुकी है।