रोहतक के एक युवक ने दोस्त के साथ मिलकर एनआरआई भांजा बनकर रोहतक के एक प्रॉपर्टी डीलर से दो लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। कृष्णा कालोनी निवासी भारत भूषण ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं, न्यू जनता कालोनी के युवक से पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 2 लाख 68 हजार रुपये ठग लिए गए।
पुलिस को दी शिकायत में प्रॉपर्टी डीलर भारत भूषण ने दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन का परिवार कनाडा में रहता है। आठ मई को उसके पास फोन करके एक युवक ने कहा कि वह उसका भांजा बोल रहा है। साथ ही पूरे परिजनों का हालचाल पूछा। कहा कि 10 लाख रुपये आपके खाते में भेज रहा हूं। एजेंट को चार लाख रुपये दे देना। बाकी पैसे वह वापस ले लूंगा। 22 मई को ही वह भारत आ रहा है। थोड़ी देर बाद उसके पास 10 लाख 26 हजार रुपये का मैसेज आ गया। उसके बाद एक युवक का फोन आया, बोला वह एजेंट बोल रहा है। उसकी मां का ऑपरेशन है। इससे वह भावुक हो गया। एजेंट द्वारा बताए गए खाते में 2 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद 20 हजार रुपये और भेजे। इसके बाद उसने सभी नंबर पर कॉल की, लेकिन वे बंद आ रहे हैं।
टास्क पूरा करने के नाम पर ढाई लाख की ठगी
न्यू जनता कालोनी निवासी मोहित सैनी ने दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। उसे पास पार्ट टाइम जॉब का मैसेज आया। कहा गया कि 5 स्टार होटलों की रेटिंग तय करनी है। तीन होटल की रेटिंग देने पर 150 रुपये मिलेंगे। इसके बाद आरोपियों ने वाटसअप पर डैमो टैस्ट टास्क के रुप में भेजा। उसने टास्क किया तो दूसरा टास्क भेज दिया। बताया 2 हजार रुपये के प्लान के बदले में 2800 रुपये मिलेंगे। इसी तरह 5 हजार के 7 हजार, 9 हजार के साढ़े 12 हजार और 15 हजार के 21 हजार मिलेंगे। इस तरह अलग-अलग स्कीम का झांसा देकर उससे 2 लाख 68 हजार रुपये ठग लिए।