हिमाचल प्रदेश के कुफरी में कमरा बुक कराने के नाम पर उत्तम विहार कालोनी के एक युवक के खाते से मोबाइल फोन हैक करके ठग ने 70 हजार रुपये निकाल लिए। इस संबंध में युवक ने अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक उत्तम विहार निवासी नरेश नांदल ने दी शिकायत में बताया कि उसने चार जनवरी को हिमाचल के कूफरी में एक होटल में कमरा बुक कराया था। थोड़ी देर बाद होटल संचालक ने फोन किया कि कमरा उपलब्ध नहीं है। जबकि ऑनलाइन कमरा उपलब्ध दिखाया जा रहा था। संचालक ने कहा कि अपनी बुकिंग राशि वापस ले लो। उसने होटल कंपनी का हेल्पलाइन नंबर निकाल कर कॉल की। कॉल उठाने वाले युवक ने कहा कि थोड़ी देर फोन होल्ड रखो। थोड़ी देर बाद उसके खाते से 49 हजार 999 और दूसरी बार में 19 हजार 999 रुपये कटने का मैसेज आ गया। इसके बाद उसका फोन स्लो हो गया। उसने 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही बैंक में भी शिकायत दी।
लेबर चौक के नजदीक महिला अध्यापिका से झपटमारी
रोहतक के गांधी कैंप से लेबर चौक की ओर जा रही महिला अध्यापिका का एक युवक मोबाइल छीनकर ले गया। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। शक्तिनगर निवासी कमला दुआ ने बताया कि वह निजी स्कूल में पढ़ाती है। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे गांधी कैंप से लेबर चौक की तरफ पैदल जा रही थी। रामलीला मैदान के पास पहुंची तो एक युवक पैदल ही उसके नजदीक आया और झपटा मारकर उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर ले गया। उसने शोर मचाया, लेकिन युवक हाथ नहीं आ सका। महिला शिक्षिका ने बताया कि युवक ने पीछे से अचानक झपटा मारा। मामले की सूचना पाकर आर्य नगर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज किया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि आसपास के एरिया की सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं, ताकि आरोपी को सुराग लग सके।