रोहतक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने जमीन मालिक से पांच लाख रुपये रिश्वत ली। इसके बावजूद उसे तंग किया जा रहा है। पुलिस ने एचएसवीसी के जेई, पटवारी और रिटायर्ड कानूनगो के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी विनोद कुमार मामले की जांच करेंगे। इसके लिए शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने के सबूत मांगे गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, तिलक नगर निवासी दलबीर सिंह नांदल ने एसपी के नाम दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी सेक्टर एक के नजदीक 4 कनाल 13 मरले जमीन है। जमीन न केवल उसके नाम है, बल्कि अधिगृहण से मुक्त है। उसने जमीन में एक छोटा सा मकान बनाया थ।
इसके लिए पैमाइश व निशानदेही करवाई। इसमें जेई व रिटायर्ड कानूनगो शामिल रहे। आरोप है कि उससे पांच लाख रुपये ले लिए। फरवरी 2021 में उसने परिवेदना समिति की बैठक में आईएएस राकेश गुप्ता के सामने मामला रखा तो जेई व कानूनगो उसे परेशान करने लगे। अब पटवारी परेशान कर रहा है। कभी फोन पर तो कभी कार्यालय में आने के लिए बाध्य करता है। उसे परेशान न किया जाए, इसके लिए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ता दलबीर की सेक्टर एक के साथ जमीन है, जिससे एक सड़क निर्माण का मामला जुड़ा है। आरोप है कि जमीन मालिक से एचएसवीपी के अधिकारियों ने पांच लाख रिश्वत ली। अब पटवारी परेशान कर रहा है। भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। डीएसपी मामले की जांच करेंगे। इसके लिए शिकायतकर्ता से रिश्वत से जुड़े सुबूत मांगे गए हैं। - इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट