हरियाणा के रोहतक में लाखन माजरा खंड के गांव चिड़ी में बुधवार को दसवीं कक्षा के हिंदी के पेपर में हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी के उड़नदस्ते ने छापा मारा। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ही नकल कराने में लिप्त था। पुलिस ने न केवल स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया, बल्कि प्राचार्य, गणित अध्यापक सहित चार को गिरफ्तार भी किया है।
साथ ही स्कूल से दो फोटोस्टेट मशीनें, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, काफी मात्रा में नकल सामग्री व अन्य सामान बरामद किया है। बोर्ड ने केंद्र की हिंदी विषय की परीक्षा रद्द कर दी है। अब इस केंद्र के छात्रों को रोहतक शहर में परीक्षा देनी होगी।
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्ते में शामिल हरजीत कौर ने दी शिकायत में बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष व अन्य अधिकारियों ने बुधवार दोपहर बाद 2:40 बजे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चिड़ी में बनाए गए केंद्र में प्रवेश किया। जांच में केंद्र में आंतरिक व बाह्य हस्तक्षेप पाया गया। केंद्र की परिधि में हिंदी विषय की पर्चियां बहुतायत में मिलीं।
विद्यालय के लिपिक कक्ष में मेज की दराज व अलमारियों में काफी संख्या में पर्चियां पाई गईं। प्रश्न पत्रों की प्रतियां भी बरामद की गईं। प्रत्येक कोड की उत्तर कुंजी की प्रति भी मिली। इसके अलावा संचालित परीक्षाओं, विषयों से संबंधित प्रश्न पत्र व उत्तर अंकित मिले।
प्रश्न पत्रों की कॉपी वहीं पर रखे प्रिंटर से की जा रही थी। दो फोटो स्टेट मशीन व कंप्यूटर चालू हालत में मिले। खिड़की के बाहर भी कोड लिखी पर्चियां अंकित की गई थीं। इससे साबित होता है कि स्टाफ की मिलीभगत से पेपर आउट किया गया। उनके उत्तर तैयार किए गए।
ये बोले, एएसपी
एसएसपी हेमेंद्र मीणा ने बताया कि बोर्ड के उड़नदस्ते में शामिल अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर नकल के सारे तथ्य एकत्रित किए हैं। वहां पर पाए गए अनुचित साधनों को अपने कब्जे में लिया गया है। बताया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात पूरा स्टाफ नकल कराने में जुटा था। स्टाफ के खिलाफ धारा 188, 409, 417, 418, 120 बी, धारा 8 नकल विरोधी नए एक्ट 2021 के तहत केस दर्ज किया गया है।