युवक से मारपीट कर छीनी नकदी और मोबाइल
- विजय कॉलोनी के नजदीक की घटना, पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। शहर की विजय कालोनी के नजदीक काम से घर लौट रहे युवक के साथ मारपीट कर चार बदमाशों ने उससे 25 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बिहार के उच्च बिहार जिले के गांव बायाबूंदी निवासी रतन ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विजय कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। 18 जून की रात को फैक्ट्री से काम खत्म कर उसने मालिक से अपना मेहनताना करीब 24 हजार रुपये लिए। देर रात करीब दस बजे जब वह फैक्ट्री से अपने रूम पर लौट रहा था तो रास्ते में कॉलोनी के नजदीक चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। इससे पहले वह कुछ समझ पाता आरोपियों ने उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट कर आरोपियों ने उसके जेब से 25 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल छीनकर लिया। जब उसने शोर मचाया तो वह वहां से उसे धक्का देकर फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हुए। लोगों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी अजीत का कहना है कि अज्ञात युवकों की तलाश की जा रही है।