------------
जीप चालकों के झगड़े के दौरान बीच बचाव करा रहे चालक की मौत
-परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही
-हत्या की सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस
शव पोस्टमार्टम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। दिल्ली रोड पर यात्रियों को बैठाने को लेकर शनिवार को जीप चालक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट हुई। खूब लात घुसे चले। रिटौली गांव के जीप चालक ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कराने का प्रयास किया। इसी बीच जमीन पर गिरने के बाद अचानक ही चालक की मौत हो गई। झगड़े के दौरान जीप चालक की हत्या की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने हत्या की बात से साफ इनकार किया है।
रिटौली गांव निवासी सोनू जीप चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। वह रोहतक से सांपला, बहादुरगढ़ तक जीप चलाता था। शनिवार शाम चार बजे दिल्ली रोड पर ही यात्रियों कोे टैक्सी और जीप में बैठाने को लेेक र दो चालक पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच खूब लात घुसे चले। सोनू दोनों पक्षों में बीच-बचाव कराने लगा। इसी बीच अचानक सोनू जमीन पर जा गिरा। आनन-फानन में लोग उसे पीजीआई ले गए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। सोनू के भाई राजीव ने बताया कि हार्ट अटैक के कारण भाई की मौत हुई है। झगड़े के दौरान हत्या की बात गलत है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। अर्बन एस्टेट एसएचओ नरेंद्र का कहना है कि पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। संभवत हार्ट अटैक के कारण सोनू की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता लग सकेगा।