अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सीआईए-1 ने जिले के विभिन्न स्थानों पर एटीएम कार्ड बदलकर उपभोक्ता के एकाउंट से रुपये निकालने वाले दिल्ली में रह रहे आरोपी को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
सीआईए-1 प्रभारी नवीन कुमार जाखड़ ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक पंकज ने अपनी टीम के साथ दिल्ली के सुल्तानपुर में छापेमारी कर हांसी के मसूदपुर गांव के रहने वाले प्रवीण को दबोच लिया। आरोपी ने 19 दिसंबर 2017 को बिहार के मुंगेर के रहने वाले गणेश का खेड़ी साध के पीएनबी एटीएम के अंदर से कार्ड बदलकर उसके एकाउंट से छह लाख रुपये निकाल लिए थे। गणेश की शिकायत पर पुलिस ने सांपला थाने पर केस दर्ज किया था। इसके अलावा आरोपी ने कई भी कई वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। एएसआई पंकज का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में और भी कई जानकारियां मिल सकती है।
बातों में उलझाकर देता था वारदात को अंजाम
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह वारदात को अंजाम देने से पहले एटीएम बूथ के बाहर जाकर खड़ा हो जाता था। जैसे ही कोई बुजुर्ग या फिर अनपढ़ दिखने वाला व्यक्ति एटीएम बूथ के अंदर पहुंचता था तो वह भी अंदर चला जाता था। रुपये न निकलने पर वह खुद रुपये निकालने के लिए कहता था। इसी बीच बातों में उलझाकर एटीएम कार्ड बदल लेता था।