मायना गांव के खेत में हत्या कर युवक का शव दफनाया
-सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा
-शव की नहीं हो सकी शिनाख्त, सिर पर भी चोट के निशान मिले
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। मायना गांव के खेत में हत्या करने के बाद अज्ञात ने युवक के शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। किसान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक का शव खून से लथपथ था। उसके सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
झज्जर के बेरी निवासी टिंकू पिछले कई साल से रोहतक के शीतल नगर में रहता है। मायना गांव के सतबीर की दस किला जमीन को ठेके पर लिया है। यहां टिंकू खेतीबाड़ी करता है। सोमवार दोपहर वह फसल को देखने खेत पर गया था। खेत में उसे ताजा बनाए गए गड्ढे से किसी की अंगुली दिखाई दी। नजदीक से देखने पर युवक का शव दबा होने की आशंका को लेकर मामले की सूचना ग्रामीण और पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को गड्ढे से निकाला गया। पुलिस के अनुसार शव के सिर पर चोट के निशान थे। इसके अलावा शव खून से लथपथ था। किसी धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव को खेत में दबाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। खेत मालिक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उधर मामले की सूचना पाते ही पहुंची एफएसएल इंचार्ज डॉ. सरोज दहिया ने जांच पड़ताल की।
--------------
युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। हत्या कर शव को दफनाने की आशंका है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
-राजवीर सिंह, कार्यवाहक थाना प्रभारी शिवाजी कॉलोनी