गलत दिशा में ट्रक को चलाने से टोकने पर की गई थी जम्मू कश्मीर के ट्रक चालक की हत्या
- सदर थाना पुलिस ने आरोपी हेल्पर को किया गिरफ्तार
- घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक को लेकर सोनीपत चला गया था हेल्पर
- मारने के बाद शव को जला भी दिया था
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सिंहपुरा कलां गांव के पास जम्मू कश्मीर के ट्रक चालक को हेल्पर ने ही मारा था। गलत दिशा में ट्रक चलाने को टोकने पर चालक की हत्या की गई थी। सदर थाना पुलिस ने आरोपी हेल्पर को गिरफ्तार करते हुए घटना का खुलासा कर दिया। आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।
सदर थाना एसएचओ व प्रशिक्षु आईपीएस मकसूद अहमद ने बताया कि 9 जून को सिंहपुरा कलां गांव के पास जली अवस्था में एक शव पड़ा मिला था। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बाद में शव की शिनाख्त जम्मू कश्मीर के सांबा निवासी ट्रक चालक 65 वर्षीय निर्मल सिंह के रुप में की गई थी।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि ट्रक के हेल्पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी बजरंगी ने ही निर्मल की हत्या की है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी बजरंगी को सोनीपत क्षेत्र से ट्रक समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हेल्पर ने बताया कि वह कभी कभी ड्राइवरी भी कर लेता था। 6 को वह तथा निर्मल ट्रक में लोहे का सामान लेकर जम्मू से जींद के लिए चले थे। सोनीपत से आगे निकलने पर निर्मल ट्रक में ही सो गया था जबकि बजरंगी ट्रक को चला रहा था। निर्मल जैसे ही उठा उसने देखा कि बजरंगी ट्रक को जींद के बजाए हिसार की तरफ ले जा रहा है। जिस पर निर्मल ने बजरंगी को टोक दिया। जिसको लेकर दोनों के बीच पहले तो कहासुनी हुई। इसके बाद बजरंगी ने निर्मल कि सिर पर लोहे की किसी वस्तु से वार किया। जिसके कारण मौके पर ही निर्मल की मौत हो गई। इसके बाद हेल्पर ने शव को केरोसिन आदि डालकर जला दिया था। ट्रक को सोनीपत के सैदपुर लेकर चला गया था। आईपीएस ने बताया कि आरोपी ने भी खुद घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।