क्रांति गैंग के फरार सदस्यों की तलाश में दिल्ली व रोहतक पुलिस की दबिश, दिल्ली की एक टीम ने हरियाणा में डाला डेरा
- दिल्ली पुलिस की एक टीम गोपनीय रुप से कर रही जांच
- फरार सदस्यों के हरियाणा में शरण लिए जाने की आशंका
- दिल्ली पुलिस ने जल्द फरार सदस्यों को भी पकड़ने का किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। दिल्ली की स्पेशल सेल द्वारा क्रांति गैंग के सरगना राजेश भारती, बिदरो के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। वीरवार को हरियाणा पुलिस के अलावा दिल्ली की पुलिस ने कई स्थानों की खाक छानी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। फरार सदस्यों को पकड़ने के लिए दिल्ली की एक टीम ने गोपनीय तरीके से हरियाणा में डेरा डाल दिया है।
9 जून को क्रांति गैंग के सरगना राजेश भारती, संजीत बिदरो, उमेश समेत चार बदमाशों को दिल्ली की स्पेशल सेल ने एनकाउंटर में मार गिराया था। जबकि पांच सदस्य मौके से फरार हो गए थे। पोस्टमार्टम न होने के कारण रोहतक के बहु अकबरपुर निवासी संजीत बिदरो का शव परिजन दिल्ली से नहीं ला पा रहे थे। बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे दिल्ली से बिदरो के शव को गांव लाया गया। गांव में ही बिदरो के शव का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने दिल्ली पुलिस पर बिदरो को गांव से उठाकर हत्या का आरोप लगाया था।
गिरोह के एनकाउंटर के दौरान फरार सदस्यों के रोहतक के आसपास क्षेत्र में शरण लिए जाने की आशंका जताई जा रही थी। क्योंकि अधिकतर सदस्य रोहतक क्षेत्र की रहने वाले है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस ने दिल्ली के अलावा हरियाणा के भी कई स्थानों पर दबिश दी। एक टीम का गोपनीय रुप से सदस्यों को पकड़ने के लिए हरियाणा में ही डेरा डलवा दिया है। जल्द गिरोह के सदस्य गिरफ्त में होंगे।
उधर रोहतक पुलिस ने भी गिरोह के सदस्यों की तलाश में कई स्थानों की खाक छानी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। माना जा रहा है कि गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
पीएम से लेकर राष्ट्रपति का खटखटायेंगे दरवाजा
बिदरो के एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने पीएम से लेकर राष्ट्रपति तक का दरवाजा खटखटाने की बात कहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि बिदरो ने कभी अपराध नहीं किया। पुलिस ने उसे परेशान कर अपराधी बनाया।