मॉडल टाउन में कोचिंग गई शिक्षक की बेटी का अपहरण, दिल्ली रोड पर मिली स्कूटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मॉडल टाउन में कोचिंग सेंटर गई शिक्षक की बेटी, बारहवीं की छात्रा का शुक्रवार को अपहरण हो गया। इस संबंध में पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अर्बन एस्टेट थाने में अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में फरमाणा खास निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह परिवार के साथ बसंत विहार में रहते हैं। वह सोनीपत के गांव मुहम्मदपुर में शिक्षक हैं। उनकी बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसकी मां के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह स्कूटी लेकर मॉडल टाउन स्थित कोचिंग चली गई। जब देर शाम तक वह घर नहीं पहुंची तो परिजन कोचिंग सेेंटर में पहुंचे, यहां पता चला कि छात्रा कोचिंग सेंटर में पहुंची ही नहीं। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद छात्रा के पिता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी।
दिल्ली रोड पर मिली छात्रा की स्कूटी
पुलिस ने जब मामले की छानबीन की तो पता चला कि एक स्कूटी संदिग्ध अवस्था में शीला बाईपास से कुछ आगे दिल्ली रोड पर खड़ी है। फिर छात्रा के परिजनों को बुलाया गया तो उन्होंने बताया कि स्कूटी छात्रा की है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से छात्रा के बारे में पूछा। मगर किसी को कुछ नहीं पता था।
सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी खड़ी कर जाती दिखी छात्रा
जिस जगह पर छात्रा की स्कूटी खड़ी थी वहां पुलिस ने आसपास के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में छात्रा नजर आई। फुटेज में दिख रहा है कि छात्रा स्कूटी खड़ी करके दिल्ली रोड की तरफ जा रही है। पुलिस को आशंका है कि छात्रा अपनी मर्जी से गई है। हालांकि हर स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।