फार्माकोलॉजी की छात्रा का उत्पीड़न करने वाला शिक्षक बर्खास्त
- छात्रा ने शिकायत में लगाए थे मानसिक प्रताड़ना के आरोप, विवि की जांच में दोषी पाया गया शिक्षक के खिलाफ ईसी की बैठक में लिया गया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
एमडीयू के फार्माकोलॉजी विभाग की छात्रा का उत्पीड़न करना विभाग के शिक्षक को महंगा पड़ा। विवि की कार्यकारी परिषद (एग्जिक्यूटिव काउंसिल) ने उसे दोषी मानते हुए बर्खास्त कर दिया है। वीसी के निर्देश नहीं मानने वाले शिक्षक के खिलाफ जांच व दिया गया चार्ज छीनने का भी फैसला लिया गया है। ईसी की बैठक में सर्वसम्मति से इन मामलों समेत 80 एजेंडों पर मंजूरी की मुहर लगाई गई। इसमें कर्मचारियों की पदोन्नति, महाविद्यालयों की मान्यता रद्द करने, शैक्षणिक करार, शोध अवकाश व अन्य मामले शामिल हैं।
विवि कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया की अध्यक्षता में हुई ईसी की बैठक में रखे गए मुद्दों पर जोरदार बहस हुई। इसमें शिक्षकों के खिलाफ शिकायतें मुख्य रही। ईसी में नव स्नातकों को दीक्षांत समारोह में दी जाने वाली डिग्री के अलावा विवि के पूर्व छात्र रहे जस्टिस सूर्यकांत को डीलिट की उपाधि दिए जाने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर पदों को लेकर शैक्षणिक योग्यता में बदलाव किया गया। कम्प्यूटर साइंस व कंप्यूटर एप्लीकेशन के लिए एकेडमिक रिकॉर्ड बराबर किया गया है। गुड रिकॉर्ड में 55 प्रतिशत अंक रखे गए हैं। डॉ. सत्यवान बड़ोदा को शोध अवकाश देने के साथ महेंद्र सिंह व मनोज बधवार को असिस्टेंट रजिस्ट्रार से डिप्टी रजिस्ट्रार पद पर पदोन्नति दी गई। विवि की डिपार्टमेंटल प्रोमशन कमेटी सिफारिशों को भी मंजूरी दी गई।
कबीर के साथ रविदास व गरीबदास पर भी होगा शोध
विवि में स्थापित संत कबीर चेयर का नाम बदलने पर सहमति बनी। इसे संत साहित्य शोध पीठ नाम दिया गया है। इसके साथ ही शोध पीठ में कबीर के साथ रविदास व गरीबदास का नाम भी जोड़ा गया है। अब से इन दो संतों पर भी शोध को बढ़ावा दिया जाएगा।
योगा में हो सकेगी स्नातकोत्तर
विवि अब विद्यार्थियों को योगा में स्नातकोत्तर करा सकेगा। इसके लिए ईसी ने शारीरिक शिक्षा विभाग के तहत सेल्फ फाइनेंस स्कीम पर एमए योगा साइंस कोर्स को मंजूरी दी गई है। नए सत्र से यह कोर्स विद्यार्थियों के लिए शुरू होने की संभावना है।
डॉ. शेखावत फिर बने ईसी सदस्य
विवि ईसी के चार नए सदस्यों के नाम पर मंजूरी का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। यहां राज्यपाल की ओर से चार सदस्यों में से एक को दूसरी बार चुनाव गया है। जयनारायण व्यास विवि जोधपुर के पूर्व कुलपति डॉ. लोकेश शेखावत को दूसरी बार सदस्य चुनने के साथ तीन नए नामों पर भी सहमति बनी। इनमें यूजीसी सदस्य डॉ. सुषमा यादव, प्रो. ओमप्रभात अग्रवाल व डॉ. मारकंडे आहूजा शामिल हैं।
एमडीयू का यूक्रेन से हुआ एमओयी
ईसी में रखे एमडीयू व यूक्रेन की लेस्या यूक्रेन का इस्टर्न यूरोपियन नेशनल यूनिवर्सिटी (लुटस्क, यूक्रेन) के साथ शैक्षणिक एवं शोध करार के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। अब इन दोनों विवि के विद्यार्थी एक-दूसरे विवि में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। इसके अलावा बैठक में कंसलटेंसी पॉसिली, पेटेंट पॉलिसी व वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी पर भी सहमति बनी।
फिल्म एंड टीवी विभाग में कोर्सों के नाम बदले
ईसी में बैचलर ऑफ आर्ट्स को बैचलर ऑफ आर्ट्स एंड फिल्म डायरेक्शन नाम दिया गया है। इसके अलावा बैचलर ऑफ आर्ट साउंड को बैचलर ऑफ आर्ट ओडियोग्राफी, बैचलर ऑफ आर्ट एडिशन को बैचलर ऑफ ऑर्ट फिल्म एडिटिंग व बैचलर ऑफ आर्ट एक्टिंग कोर्स को बैचलर ऑफ आर्ट फिल्म एक्टिंग नाम दिया गया है।