हत्या फाइल नंबर-तीन
तीन दिन में तीन हत्याएं, पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम
-आपराधिक घटनाओं को रोकने में पुलिस हो रही नाकाम साबित
-कलानौर में एक, जबकि रोहतक में दो की की जा चुकी है हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने में पुलिस लगी है। मगर चुनावी सीजन में ही पिछले तीन दिन के अंदर ही तीन लोगों की हत्याएं कर दी गईं। पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम है। हालांकि, एक मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को खेरड़ी गांव के मजदूर संजय का शव गांव के माइनर के पास पड़ा मिला था। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बुधवार को पंडित नेकीराम कॉलेज में बीए फाइनल वर्ष के छात्र साहिल को चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया था। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में सुनारिया कलां के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वीरवार को खेड़ी साध गांव के किसान की हत्या कर दी गई। वह वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी पर आगजनी करने का आरोपी था तथा घर से पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में जाने के लिए निकला था। तीन दिन में की हत्या पुलिस के लिए चुनौती है।