कॉल डिटेल खोलेगी देह व्यापार के धंधे से जुड़े लोगों का राज, सफेदपोश पर भी शक
- महिला के पकड़े जाने के बाद रोहतक के अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने भी की जांच शुरू
- अधिक मोबाइल नंबर पुलिस के राडार पर, खंगाली जा रही सीडीआर
महबूब अली
रोहतक।
भले ही पश्चिम बंगाल पुलिस नौकरी का झांसा देकर नाबालिग से हरियाणा में जिस्मफरोशी कराने वाली महिला को गिरफ्तार कर ले गई हो। मगर महिला की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस भी जिस्मफरोशी के धंधे से जुड़े लोगों की तलाश में जुट गई है। महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। 60 से अधिक नंबर पुलिस के राडार पर हैं। सफेदपोशों पर भी शक जताया जा रहा है।
महिला के पकड़े जाने के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस ने महिला के पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है। सूत्रों ने बताया कि महिला मोबाइल के माध्यम से ही हरियाणा के विभिन्न स्थानों के ग्राहकों से बात करती थी। इसके बाद ही लड़की उपलब्ध कराई जाती थी। पुलिस को मोबाइल में करीब साठ नंबर मिले हैं। सभी 60 नंबर स्थानीय निवासियों के बताए गए हैं। उक्त नंबरों की जांच अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने भी शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में भी पकड़वाए थे तीन मानव तस्कर
हाल ही में बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने फरीदाबाद में पुलिस के सहयोग से छापेमारी कराकर झारखंड निवासी तीन मानव तस्कर पकड़े थे। उनसे 24 से अधिक बच्चियों को छुड़वाया था। इसके अलावा भी कई जगह से आयोग मानव तस्करों को पकड़वाने में अहम भूमिका निभा चुका है। इसके लिए कई बार आयोग के सदस्य बाल कृष्ण गोयल को सम्मानित भी किया जा चुका है।
पति की कई साल पूर्व हो गई थी मौत
पश्चिम बंगाल पुलिस ने बताया कि रोहतक के अस्थल बोहर गांव से गिरफ्तार की गई महिला गीता के पति की लंबी बीमारी के कारण करीब दस साल पूर्व मौत हो गई थी। उसके बाद वह बनारस से रोहतक आकर रहने लगी थी। पति की मौत के बाद ही उसने देह व्यापार का धंधा शुरू किया। पश्चिम बंगाल के एसआई मिलन का कहना है कि अभी महिला से पूछताछ की जाएगी।
गोपनीय रखा जाएगा नाम
बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य बाल कृष्ण गोयल व दीपा जैन ने बताया कि यदि हरियाणा के किसी भी स्थान पर मानव तस्करी की जा रही है, तो उन्हें सूचना दे। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। सूचना देने वाले का नाम गोपनीया रखा जाएगा।
स्थानीय पुलिस की खुल गई पाल
पश्चिम बंगाल पुलिस की बातों पर यदि विश्वास किया जाए तो पिछले कई साल से बनारस की महिला देह व्यापार का धंधा अस्थल बोहर गांव में चला रही थी। इसके बाद भी पुलिस को धंधा कराने वाली महिला के बारे में जानकारी क्यों नहीं हो सकी? कहीं पुलिस की मिलीभगत से तो धंधा नहीं फल फूल रहा था। जांच के बाद ही यह सब साफ हो सकेगा। हालांकि स्थानीय पुलिस ने पूर्व में मामले की जानकारी से इनकार किया है।
17 साल से कम उम्र की लड़कियों को देह व्यापार में धकेलता है गिरोह
रोहतक। पश्चिम बंगाल व बनारस का गिरोह हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर 17 साल से उम्र की बच्चियों को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार में धकेलता है। ग्राहक भी 18 से 27 साल के बीच के तलाश किए जाते हैं। पुलिस व बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने यह खुलासा किया है।
बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य बाल कृष्ण गोयल ने बताया कि महिला ने पूछताछ में बताया कि वह अब तक 6 से 7 नाबालिग को इस धंधे में धकेल चुकी है। खास बात यह थी कि महिला 17 साल से कम उम्र की नाबलिग लड़कियों को भी देह व्यापार में लगाती थी। इसके लिए वह कोलकाता निवासी इस्लाम का सहयोग लेती थी। इस्लाम ही नाबालिग लड़कियों को महिला से मिलवाता था। इसके अलावा ग्राहक भी 20 से 25 साल के ही तलाश किए जाते थे।