पुलिस वाहन ने राहगीरों को मारी टक्कर, दो घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सुखपुरा चौक पर रविवार रात पुलिस की जिप्सी ने सड़क पर पैदल जा रहे दो राहगीरों को टक्कर मार दी। दोनों युवक अपने घर जा रहे थे। इनका पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस वाहन चालक मौके से फरार है। गाड़ी वर्दीधारी दो स्टार वाला अधिकारी चला रहा था। यह नशे में धुत्त बताया गया है।
सुखपुरा चौक इलाके में रहने वाले संदीप व सोहन ने बताया कि वे रविवार रात अपने घर जाते रहे थे। चौक के पास ही पुलिस जिप्सी ने उसे टक्कर मार दी। सामने से आ रही गाड़ी अचानक हमारी ओर मुड़ गई। हमारे संभलने से पहले ही गाड़ी ने टक्कर मार कर गिरा दिया। यही नहीं हादसे के बाद चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई। यहीं कुछ लड़के थे। इन्होंने उसे पकड़ा और हमें उसी जिप्सी से पीजीआई पहुंचाया। देर रात तक घायल पीजीआई में उपचाराधीन थे।
इधर, पुलिस वाहन चलाने वाला मौका देखकर वहां से भाग निकला। यह वाहन किस थाने या चौकी का है, इसकी पहचान नहीं हुई है। जिप्सी पर पुलिस लिखा होने के अलावा नीली बत्ती भी लगी है। ऐसे में साफ है कि पुलिस कर्मचारी ने हादसे को अंजाम दिया। हादसे को लेकर सुखपुरा चौक पर लोगाें ने खासा हंगामा किया। हादसे के बाद भागने की फिराक में वर्दी पहने सीनियर अधिकारी को लोगों ने घेर लिया। उससे लाइसेंस देने को कहा तो वह नहीं माना। इस सारे घटनाक्रम की कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाई। वीडियो में नशे में धुत्त वर्दीधारी लोगों से उलझता साफ नजर आ रहा है।