रोहतक। हरियाणा के चालक-कंडक्टर का अपहरण कर उनसे लूट के बाद मेरठ और बागपत के क्षेत्रों की सीमा में फेंका जा रहा है। हाल ही में 23 मई को सांपला क्षेत्र के हसनगढ़ में दो बदमाशों ने ट्रक चालक व क्लीनर अपहरण कर लिया। इसके बाद साबुन से भरे ट्रक को लूटकर दोनों को बागपत में फेंक बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने वेस्ट यूपी के बदमाशों पर ही वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई है। पुलिस के पास छह माह में 13 से अधिक इस तरह के केस आ चुके हैं। वहीं स्थानीय पुलिस शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं करती। रोहतक एसपी इस संबंध में मेरठ और बागपत पुलिस को पत्र भेजेंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अधिकतर मामलों में देखने में आया है कि हरियाणा के रोहतक, पानीपत, सोनीपत, कैथल, भिवानी, झज्जर और कुरुक्षेत्र आदि जिलों से हाईवे और अन्य सुनसान स्थानों से अपहरण कर माल लूटने के बाद मेरठ के परतापुर बाईपास, दिल्ली बाईपास, मेरठ के गौरीपुर मोड़, मेरठ बागपत मार्ग और पेरिफेरल हाईवे के पास बेहोशी की हालत में फेंक दिया जाता है। यूपी पुलिस शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं करती। हरियाणा में ही पीड़ित केस दर्ज कराते हैं।
यूपी की भाषा बोलते हैं बदमाश
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हाईवे से अपहरण करने वाले बदमाश यूपी की भाषा बोलते हैं। कई बार हथियारों के बल पर तो कभी नशीले खाद्य पदार्थ खिलाकर वारदात को अंजाम दिया जाता है। हालांकि, रोहतक पुलिस ने तीन माह पूर्व हाईवे से लूट करने वाले यूपी के गिरोह के पांच बदमाशों को सलाखों के पीछे भी पहुंचाया था।
एसपी ने थानाध्यक्षों से मांगी थी रिपोर्ट
रोहतक एसपी ने थानाध्यक्षों से लूट के मामलों का ब्योरा तलब किया था। इसी के बाद उक्त पांच स्थान ऐसे तय किए गए, जहां अपहरण के बाद हरियाणा के ट्रक चालकों को फेंका जा रहा है।
यह मामले आए सामने
जनवरी माह में रोहतक क्षेत्र से ट्रक चालक मनोज और कंडक्टर का अपहरण कर बागपत में गौरीपुर मोड़ पर फेंका
फरवरी माह में आईएमटी क्षेत्र से ट्रक चालक यूपी के मैनपुरी के राजेश और हेल्पर का अपहरण, मेरठ के परतापुर बाईपास पर फेंका
मार्च माह में पानीपत क्षेत्र से ट्रक चालक पानीपत के मनीष और हेल्पर को पीटा, लूटपाट, बाद में सोनीपत और बागपत के बीच में फेंका
मई माह में सांपला क्षेत्र से ट्रक चालक बिलासपुर के लखविंद्र और कंडक्टर राजू का अपहरण, बेहोश कर बागपत के गौरीपुर मोड़ पर फेंका
अप्रैल माह में भिवानी से ट्रक चालक और कंडक्टर का अपहरण कर मेरठ में फेंका
मामलों की जानकारी नहीं है। सांपला के ट्रक चालक और हेल्पर से लूट के मामलों की भी कोई जानकारी नहीं है। जानकारी कराई जाएगी। वैसे प्रत्येक मामलों में शिकायत मिलते ही पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई करती है।
-रणविजय सिंह, एएसपी बागपत
रोहतक पुलिस यदि सहयोग मांगती है तो पूरा सहयोग किया जाएगा। अभी इस संबंध में कोई पत्र नहीं मिला है। शिकायत मिलते ही पुलिस केस दर्ज करती है।
-अविनाश पांडेय, एएसपी मेरठ