निमहम। भराण रोड पर अनाज मंडी के नजदीक सोमवार को करीब दो बजे एक प्राइवेट स्कूल की बस में आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 35 बच्चे सवार थे। जैसे की बस के इंजन से धुआं उठा चालक-परिचालक ने सभी बच्चों को समय रहते बस से उतरकर दूर कर दिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में स्कूल की दूसरी बस की मदद से बच्चों को घर छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार एक प्राइवेट स्कूल की बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली थी। दोपहर करीब दो बजे बस गंगानगर तितरी गांव में कुछ बच्चों को उतारकर महम की ओर आ रही थी। इसी दौरान अनाज मंडी के पास बस के इंजन में धुआं उठने लगा। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बस को रोक, बच्चों को बस से उताकर दूर कर दिया। आग से बस की सीटें जल गई। बाद में सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। बस चालक का कहना है कि गर्मी अधिक होने से बस के इंजन में स्पार्किंग से आग लग गई थी।