अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की किशोरी के अपहरण के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अपहरण के बाद बिहार और बोहर के चार युवकों ने उसके साथ तीन स्थानों पर ले जाकर गैंगरेप किया। यहीं नहीं विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की गई। गला दबाकर भी हत्या का प्रयास किया गया। बाद में आरोपी उसे बाइक पर शीला बाईपास पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने किशोरी को बहला=फुसलाकर तिलियार ले जाने तथा अपहरण कर गैंगरेप करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस ने जल्द फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की किशोरी अपने परिजनों के साथ शहर की एक कॉलोनी में रहते हैं। किशोरी के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आरोप था कि वीरवार की शाम किशोरी को लुधियाना में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाला जसबीर कॉलोनी में रहने वाला अजय बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था। तिलियार पर्यटन स्थल से कुछ युवकों ने किशोरी का अपहरण कर लिया था। वारदात से पुलिस और सीआईए में हड़कंप मच गया गया था। हालांकि देर रात पुलिस ने शीला बाईपास से किशोरी को बरामद करने का दावा किया था। साथ ही पुलिस को किशोरी के अपहरण की सूचना देने वाले अजय पर ही अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने बताया कि शनिवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस जांच में पता चला कि तिलियार से किशोरी का नशे में धुत्त चार युवकों ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद दो सुनसान स्थान और बोहर गांव में ले जाकर किशोरी के साथ गैंगरेप किया गया। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई। पुलिस ने गैंगरेप करने वाले बिहार के आरा जिले के शिमरा गांव निवासी अजय को जसबीर कॉलोनी, बोहर के विपिन, प्रवेश, नीरज को बोहर गांव से काबू कर लिया। जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। इसके अलावा किशोरी को बहला-फुसला कर ले जाने वाले आरोपी अजय को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
किशोरी के अपहरण के बाद गैंगरेप करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -ममता खर्ब, डीएसपी
एसआईटी गठित
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि किशोरी के साथ गैंगरेप के मामले के लिए एसआईटी गठित की गई है, जिसकी प्रभारी डीएसपी ममता खर्ब को बनाया गया है।
पीड़ित के बयान दर्ज कराए
पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया। साथ ही किशोरी के 164 सीआरपीसी के भी बयान दर्ज किए गए। काउंसिलिंग के बाद किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
दोपहर एक बजे घर से घूमने के लिए निकला था अजय
आरोपी अजय के पिता बजरंगी ने बताया कि तीन दिन पूर्व ही अजय लुधियाना से दीपावली मनाने के लिए रोहतक पहुंचा था। अजय के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया कि वीरवार को दोपहर एक बजे अजय घर से शहर में घूमने के लिए कहकर निकला था। इसके बाद रात में करीब आठ बजे के बाद उन्होंने अजय के मोबाइल पर कई बार कॉल की, मगर रिसीव नहीं कर रहा था। किशोरी के अपहरण के मामले की उन्हें पुलिस से जानकारी हुई। अजय पर लगाए गए आरोप को भी परिजनों ने बेबुनियाद बताया।
पुलिस ने दीपक को भी हिरासत में लेकर की पूछताछ
पुलिस ने अजय के दोस्त जसबीर कॉलोनी में रहने वाले दीपक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। दीपक मूल रूप से बिहार के सलोना का रहने वाला है। हालांकि दीपक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। दीपक के पिता ने बताया कि वीरवार दोपहर करीब दो बजे अजय उनके घर पर आया था। इसके बाद दीपक और अजय लापता हो गए थे। दीपक को वह काल करता रहा मगर उसने काल रिसीव नहीं की।