प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए करता था बाइक चोरी, साथी सहित गिरफ्तार
- चोरी की बाइक बेचकर मिलने वाले रुपयों से खरीदता था प्रेमिका के लिए गिफ्ट, दस वारदात का खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए बाइक चोरी करने वाले चोर को उसके साथी को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी चोरी की बाइक को बेचकर मिलने वाले रुपयों से अपनी प्रेमिका को गिफ्ट खरीदकर देता था। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की दस वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एवीटी टीम प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज वर्मा को 22 मार्च को सूचना मिली कि नई आईटीआई के पास दो युवक चोरी की बाइक पर घूम रहे है। दोनों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे। इस पर मौके पर पहुंची टीम ने नई आईटीआई सनसिटी रोड़ से बाइक सवार दो युवकों को शक के आधार पर काबू किया। पूछताछ पर युवकों की पहचान बहु जमालपुर निवासी अंकित और गद्दी खेड़ी निवासी निकेश उर्फ निट्टू के रुप में हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी जिस बाइक पर सवार थे वह लघु सचिवालय से चोरी की गई थी। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया था।
इंस्पेक्टर मनोज वर्मा ने बताया कि आरोपी अंकित आईटीआई में पढ़ता और आरोपी निकेश 12 वीं कक्षा में कई बार फेल हो चुका है। आरोपी निकेश अपनी प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए चोरी करता था। बाइक चोरी करके जो भी रुपये मिलते थे उससे प्रेमिका के लिए गिफ्ट खरीदता था। दोनों आरोपी पिछले करीब छह महीने से बाइक चोरी कर रहे हैं। आरोपियों ने शहर थानाक्षेत्र की तीन, कलानौर की एक और सदर थानाक्षेत्र की एक चोरी सहित अन्य वारदात कबूल की है।
इन वारदात को दिया अंजाम
8 दिसंबर 20 17 को लघु सचिवालय में स्थित एसबीआई बैंक के सामने से बाइक चोरी की।
27 फरवरी 2018 को हुड्डा सिटी पार्क के सामने से बाइक चोरी की।
1 मार्च 2018 को कलानौर स्थित एसबीआई बैंक के सामने से बाइक चोरी की।
14 मार्च 2018 को गोहाना रोड स्थित गरिमा गार्डन के बाहर से बाइक चोरी की।
24 अक्तूबर 2017 को गांव बहु अकबरपुर से बाइक चोरी की।