आत्महत्या से पहले व्यापारी ने पिता के मोबाइल पर किया व्हाट्सएप मैसेज व भेजी सेल्फी
- बोला- बहुत दूर जा रहा हूं, मेरा इंतजार न करना
- रेलवे रोड से घरेलू कलह के चलते लापता हो गया था व्यापारी
- बेरी के पास जेएलएन नहर में पड़ा मिला व्यापारी का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। रेलवे रोड निवासी चावल व्यापारी ने घरेलू कलह के चलते बेरी के पास जेएलएन नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पूर्व व्यापारी ने पिता के मोबाइल पर व्हाट्सएप पर मैसेज व सेल्फी डाली। जिसमें कहा गया था कि बहुत दूर जा रहा हूं, मेरा इंतजार न करना। इस मैसेज के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। मगर शव नहीं मिला। मोबाइल और व्यापारी के कपड़े मौके से बरामद किए गए। बाद में जेएलएन नहर से बेरी के पास शव को बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरेलू कलह में व्यापारी द्वारा आत्महत्या की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे रोड निवासी अमित गोयल अनाज मंडी में चावल व्यापारी है। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। उसके पिता ब्रह्मानंद नवंबर 2017 में जन स्वास्थ्य विभाग से पंप ऑपरेटर पद से सेवानिवृत्त हैं। परिजनों ने बताया कि शनिवार को अमित का पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया था। सुबह करीब सात बजे वह घर से निकल गया था।
परिजनों ने अमित को तलाश करने का भी प्रयास किया मगर उसका कोई पता नहीं लग सका। बताया गया कि अमित ने अपने पिता के व्हाट्सएप नंबर पर सुबह 7:58 बजे मैसेज भेजा। कहा कि बहुत दूर जा रहा हूं, मेरा इंतजार न किया जाए। यही नहीं व्यापारी ने आईजी आवास के पास जेएलएन नहर के पास खड़े खुद का फोटो भी भेजा। परिजन मैसेज मिलते ही जेएलएन पहुंचे मगर अमित नहीं मिला।
दोपहर के समय परिजनों को नहर के पास से अमित का मोबाइल और जूते मिले। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। देर शाम बेरी के पास जेएलएन नहर से व्यापारी को शव बरामद किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
व्यापारी अमित ने आत्महत्या से पहले परिजनों को व्हाट्सएप पर मैसेज कर सूचना दी थी। परिजन मौके पर पहुंचे मगर वह नहीं मिला था। बाद में व्यापारी का शव बेरी के पास से बरामद हुआ। घरेलू कलह में व्यापारी ने आत्महत्या की है। ममले की जांच की जा रही है। - जगबीर सिंह, एसएचओ, सिटी